फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: हमनी के छोड़ी के नगरिया हो...नम आंखों से दी गई मां को विदाई

Fri, 03 Oct 2025 11:43 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
डुमरियागंज राप्ती सेतु के समीप मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाते श्रद्धालु। संवाद
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। आदिशक्ति की नौ दिन पूजा और आराधना के बीच 10वें दिन बृहस्पतिवार को मां दुर्गे को नम आंखों से विदाई दी गई। हमनी के छोड़ी के नगरिया हो...कहवां जाईबू ए माई...भजन हर पंडाल और डोले पर बजता रहा। पहले से निर्धारित स्थल नदी, नाला और पोखरे में दुर्गा की मूर्ति विसर्जित की गई।
विज्ञापन

वहीं, दशहरा मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रशासन ने तीन जर्जर पुलों पर बैरिकेडिंग के साथ ही पुलिस बल तैनात कर दिया था। कुछ स्थानों पर जहां रोड से प्रतिमा का विसर्जन हो रहा था, वहां पर जाम की स्थिति बन गई। इससे लोगों को परेशान हाेना पड़ा।
मुख्यालय के जमुआर घाट पर विसर्जन की व्यवस्था की गई थी। शहर से क्रमवार डोला निकल रहा था। बस्ती-ककरहवा एनएच के होने के कारण अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम किया गया था। क्योंकि, एक पुल पहले से जर्जर हाे गया है, जिस पर आवागमन प्रतिबंधित है। टूटने के डर वहां पर आम लोगों की भीड़ नहीं जाने दिया जाता है।
विज्ञापन

मूर्ति विसर्जन के समय भीड़ के पुल पर पहुंचने की आशंका थी। इसे देखते हुए दाेनों तरफ से रोक लगा दिया गया और पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए थे। शहर में जाम की स्थिति न बने इसके लिए बांसी तिराहा, हाईडिल तिराहा और स्टेशन रोड पर मूर्ति विसर्जन वाले वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह से रोक दिया गया था।
-
मूर्ति विसर्जन में उमड़े श्रद्धालु
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों की तीन दर्जन से अधिक देवी-प्रतिमाओं को बृहस्पतिवार को विभिन्न नदियों व पोखरों में नम आंखों से श्रद्धा पूर्वक विसर्जित किया गया। श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते हुए देवी प्रतिमाओं को विसर्जित करने विसर्जन स्थल तक गए।पिकौरा सहित कई जगहों पर मेले का भी आयोजन किया गया था। बढ़नी ब्लाॅक के औदही कलां, रेड़वरिया, मानपुर, अहिरौला, खैरहनिया, तुलसियापुर, चरिहवां, मनिकौरा, केवटलिया, जलापुरवा, सधुवानगर, पिकौरा, मदरहिया, ढ़ेबरुआ, शिवभारी, औरहवा, रौनिहवा आदि गांवों की तीन दर्जन से अधिक देवी प्रतिमाओं को एनएच 730 के किनारे पिकौरा के पास घोरही नदी में विसर्जित किया गया।
-
उमड़ा आस्था का सैलाब
धेंसा। नौगढ़ ब्लॉक अन्तर्गत ग्राम पंचायत साहा, डिहवा करौंदा नानकार चौराहे एवं पकड़ी में स्थापित मां दुर्गा के प्रतिभाओं का हुआ विसर्जन। श्रद्धालु भक्तों ने भक्ति- भाव के साथ मां दुर्गा से सुख, शांति व समृद्धि की कामना करते हुए प्रतिमा का विसर्जन किया। इस दौरान श्रद्धालु भक्त गण मां दुर्गा के भक्ति में डूबे नजर आए।
सकारपार के बांसी तहसील क्षेत्र के बांसी- पनघटिया बांध स्थित राप्ती नदी के भूतनाथ घाट पर बृहस्पतिवार को विजय दशमी के अवसर क्षेत्र के लगभग 50 से अधिक गांवों की दुर्गा प्रतिमा विसर्जित की गई। इसी क्रम में बिशुनपुर मुस्तहकम से हाटाखास जाने वाली सड़क पर राप्ती नदी के पुल से भी क्षेत्र के कई गांवों की मूर्तियों को विसर्जित किया गया।
-

भोर तक चलता रहा मूर्तियों का विसर्जन बांसी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच माता दुर्गा की मूर्तियों का विसर्जन बृहस्पतिवार की रात किया गया। जो भोर तक चलता रहा। इस दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। यहां प्रतिमाओं का विसर्जन क्रेन से किया गया। बांसी तहसील मुख्यालय पर कस्बे की सारी दुर्गा प्रतिमाएं चंगेरा पैलेस होते हुए लोहा मंडी मंगल बाजार पुरानी कचहरी होते हुए परंपरागत तरीके से राप्ती नदी पुल पर पहुंची जहां राप्ती नदी के किनारे बनाए गए कृत्रिम पोखरे में प्रतिमाओं का विसर्जन क्रेन से किया गया। प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला शाम चार बजे से शुरू हुआ और सुबह चार बजे तक चलता रहा। विसर्ज के लिए पुल पर तीन क्रेन लगाए गए थे साथ ही कृत्रिम तालाब में बारह गोताखोर और एक नाव की व्यवस्था किया गया था। यहां बनाए गए प्रशासनिक कैंप में एसडीएम बांसी निखिल चक्रवर्ती, सीओ मयंक द्विवेदी, तहसीलदार पियूष श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाल गौरव सिंह,नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि मो इदरीश पटवारी, नपा लिपिक जमील अहमद, अमरेंद्र कुमार, गिरीश पांडेय सहित काफी संख्या में पुलिस बल और नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
पकड़ी बाजार क्षेत्र के पंडालों में स्थापित दुर्गा की मूर्तियों को बृहस्पतिवार देर शाम को जम्हिरिया गांव के पास बहरही पुरानी बांनगंगा नदी में बड़े धूमधाम के साथ विसर्जित किया गया। वहीं जखौलिया,बनपुकरा बरैनिया की मूर्ति को वानगंगा नदी बैदौली घाट पर विसर्जित किया गया।
-
मां दुर्गा की विदाई के लिए उमड पड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
डुमरियागंज। नवरात्र को लेकर डुमरियागंज नगर सहित तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की मूर्तियों का विर्सजन विजयदशमी पर बृहस्पतिवार की रात धूमधाम से किया गया। मां दुर्गा के आस्थावानों ने दुर्गा प्रतिमाओं की शोभा यात्राएं निकालकर जय जय अंबे, जय जगदंबे, हे माता कल्याण करों...आदि गीतों पर नाच गाकर राप्ती नदी के तट पर बने अस्थाई तालाब में ले जाकर प्रतिमाओं का विधि-विधान से विर्सजन किया। वहीं डुमरियागंज नगर और ग्रामीण क्षेत्र के कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया गया।
-
मां दुर्गा को अर्पित किया सिंदूर, जयकारों के बीच निकाली विसर्जन यात्रा

बिस्कोहर। श्रीदुर्गा पूजा उत्सव के समापन पर बृहस्पतिवार को मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने देवी मां को सिंदूर अर्पित करने के बाद सदा सुहागिन रहने की कामना की। बिस्कोहर कस्बा के बाबू पोखरा, दक्षिण डिहवा, पूरब डिहवा, उत्तर यादव डिहवा, प्राइवेट बस अड्डा के साथ मझौवा व डेगहर में देवी मां में श्रद्धा रखने वालीं महिलाओं ने पंडालों में पूजा की। इस बीच देवी को सिंदूर अर्पित करने के बाद सदा सुहागिन रहने की कामना की गई। महिलाओं ने एक-दूसरे के सिंदूर लगाया। दोपहर बाद जयकारों के बीच सभी पूजा पंडालों से मां दुर्गा की मूर्ति की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। इस मौके पर चेयरमैन अजय गुप्ता, सुरेश कौशल, पंकज गुप्ता, रामजी श्यामजी कसौधन, अजय कुमार गुप्ता, अतुल कौशल, पल्लू चौबे, लालबाबू पाठक मौजूद रहे। दूसरी तरफ फूलपुर राजा व फूलपुर पांडे, नावडीह की प्रतिमाओं को गांव स्थित पोखरे में विसर्जित किया गया।
-
डांडिया उत्सव में महिलाओं ने लगाई आस्था की डुबकी।

शोहरतगढ़। विजयदशमी पर नगर पंचायत के कारण माता मंदिर में डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें महिलाएं और नवयुवतियां मां के भक्ति की आस्था के रंग में रंग गईं। डांडिया प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक महिलाओं व नवयुवतियों ने भाग लिया। वह विभिन्न प्रकार के आकर्षक परिधान धारणकर भक्तिगीतों की धुन पर डांडिया व गरबा नृत्य की। प्रतियोगिता में शैल सोनी व प्रियंका शर्मा विजयी घोषित हुई। कार्यक्रम के आयोजक पुजारी टिल्लू शर्मा ने कहा कि नवयुवतियां डांडिया उत्सव प्रतियोगिता जीतने के लिए एक हफ्ते पहले से ही तैयारी में लगी हुई थी। इस मौके पर डांडिया नृत्य में नीलम तिवारी, कुमुद वर्मा, मधूउपमा वर्मा, गुड़िया वर्मा, निकिता मित्तल, याशी अग्रवाल,कंचन उमर, सुषमा उमर, नैंसी मौजूद रहीं।
-
पुराने पुल पर अलर्ट रही पुलिस, आवागमन में रोक
जोगिया। जोगिया ककरही बुढ़ी राप्ती पर मां दुर्गा की मूर्तियों की विसर्जन में पूरी श्रद्धा से यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर गुलाल से होली खेली। मूर्तियों का ककरही घाट पर विसर्जन किया गया। नव दुर्गा पूजा समारोह के समापन के बाद बुधवार को सुबह से पंडालों में हवन पूजन हुआ। इसके बाद बृहस्पतिवार मां दुर्गा की मूर्ति की विसर्जन की गई। यात्रा मोहल्ला खकरा से शुरू होकर चौक बाजार, कोतवाली रोड होते हुए ब्रह्मचारी घाट पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु अबीर गुलाल उडाते हुए होली खेल रहे थे। सभी देवी भजनों पर नाचते हुए ककरही घाट पर पहुंचे। यहां पर माता दुर्गा की मूर्ति का विसर्जन किया गया। मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। ककरही नदी पर जयकारों के उद्घोष के साथ माता दुर्गा की मूर्ति का विसर्जन किया गया। वहीं पर विसर्जन ककरही घाट डीएम राजा गणपति आर ने निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष मीरा चौहान ने बताया कि इस क्षेत्र में करीब 40 से 50 मूर्तियां विसर्जित की गईं।

पूरी रात रहा मुस्तैद प्रशासन
ढेबरुआ। माता रानी के जयकारों और गाजे-बाजे की गूंज के बीच बढ़नी नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में स्थापित कुल 34 दुर्गा प्रतिमाओं का बृहस्पतिवार की देर रात चरगहवा नदी में सकुशल विसर्जन किया गया। नगर क्षेत्र की 30 प्रतिमाएं अपने-अपने पंडालों से उठकर पहले रामलीला ग्राउंड में एकत्रित हुईं, जहां दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालु नाचते-गाते चरगहवा नदी पहुंचे। यहां पूरे विधि-विधान और श्रद्धा-भाव से मां दुर्गा को विदा किया गया। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी नगर, जमधरा, ढेकहरी, जिया भारी, घरुआर सहित विभिन्न गांवों से भी प्रतिमाओं का विसर्जन चरगहवा नदी तट पर किया गया। भारी भीड़ के बावजूद पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। ढेबरुआ थाना क्षेत्र की कुल लगभग 137 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन सकुशल संपन्न हुआ। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ सुजीत राय, एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्रा, क्षेत्राधिकारी पवीन प्रकाश, थानाध्यक्ष ढेबरुआ नरायन लाल श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी बढ़नी अनिरुद्ध सिंह मौजूद रहे।
वहीं भनवापुर क्षेत्र में विजयदशमी के दौरान बृहस्पतिवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन किया गया। क्षेत्र के पेंड़रिया जीत चौराहे, रमवापुर उर्फ नेबुआ, मन्नीजोत, भनवापुर में भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर घंटों परेशान रहे राहगीर
इटवा। इटवा क्षेत्र के भिलौरी भिलौरा व करहिया पुल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते इटवा-बासी मार्ग व इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर राहगीर घंटों परेशान रहे। यह परेशानी रूट डायवर्जन न होने व रास्तों में रूकी भारी भीड़ के चलते हुई। बृहस्पतिवार की दोपहर तक अवागमन सुचारू रूप से चल रहा था लेकिन उसके बाद विसर्जन के लिए भिलौरी भिलौरा घाटों पर पहुंची मां दुर्गा की मूर्तियों के चलते आवागमन बाधित होने लगा। पटरियों पर दुकानदारों ने कब्जा जमा रखा था। सड़क पर दोनों तरफ से आ रही मां दुर्गा व उनके अनुयाईयों की भारी भीड़ थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें