छात्राओं को यातायात नियमों के पालन करने की जानकारी दी
प्रभावती देवी कन्या इंटर कॉलेज कठौतिया रमवापुर में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
एसओ ने नारी शक्ति के तहत महिला सुरक्षा कानून के प्रति किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। नारी शक्ति के तहत डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के प्रभावती देवी कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को यातायात नियम की जानकारी देने के साथ ही महिला सुरक्षा कानून के बारे में बताया गया।
एसओ त्रिलोकपुर रणधीर कुमार मिश्र ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और उनकी रक्षा के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। बशर्ते पीड़ित पुलिस तक पहुंचे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए शासन की ओर से कई कानून बनाए गए हैं। इनके जरिए वह उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठा सकती हैं। उन्होंने हेल्पलाइन 1090, डायल 112 सहित अन्य जरूरी सेवाओं की जानकारी दी। कहा कि सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण है कि वाहन चलाने वाला यातायात नियम का पालन नहीं करता। यातायात नियमों का पालन करके हादसों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर लगाएं। तीन सवारी कभी भी न चलें। अपने ही लेन में वाहन चलाएं, मुड़ते समय इंडिकेटर का प्रयोग करें। चार पहिया वाहन में बैठते समय सीट बेल्ट लगाएं। इन नियमों का पालन करके हादसों से बच सकते हैं। स्वयं की सुरक्षा अपने हाथ है। सुरक्षित यातायात से जीवन सुरक्षित रहता है। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना चौधरी, शिक्षिका ज्योति त्रिपाठी, माया चौधरी आदि मौजूद रहीं।