सिद्धार्थनगर। सरकार के निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने का दावा जिले के तिलौली और सिरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हवा हवा साबित हो रही है। एक अस्पताल में अल्टासाउंड और एक्स-रे जांच मशीन है तो टेक्नीशियन के अभाव में जांच नहीं हो पा रही है। वहीं दूसरे पर कोई मशीन नहीं है। ऐसे में लोगों को निजी केंद्रों पर जाने को विवश हैं, जहां उन्हें जेब ढीली करनी पड़ रही है। इन दोनों अस्पतालों पर तीन लाख के इलाज का जिम्मा है। ऐसे में सुविधाओं का ना होना क्षेत्र के लोगों पर भारी पड़ रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार सुविधाएं बेहतर होने की बात कर रहे हैं। ऐसा क्षेत्र के लोगों का कहना है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलौली में करीब दो साल पहले अल्ट्रा साउंड और एक्स-रे जांच के लिए मशीन आग गई थी। लेकिन आज तक टेक्नीशियन और रेडियालॉजी की तैनाती नहीं हुई। इस वजह से आने वाले मरीजों को बाहर जांच के लिए जाना पड़ता है। भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के सीएचसी सिरसिया में सुविधाओं का अभाव है। सीएचसी में एक्स-रे टेक्नीशियन की तैनाती होने के बावजूद भी एक्स-रे मशीन व अल्ट्रासाउंड नहीं होने से मरीजों की परेशानी बढ़ी हुई है, जो जरूरत पड़ने पर अधिक पैसा खर्च कर निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।
-
बोले लोग
तिलौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जो भी महिलाएं अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे के लिए आते हैं। उन्हें डॉक्टरों की ओर से मशीन खराब होने या डॉक्टर ना होने का हवाला देते हुए अल्ट्रासाउंड बाहर करने के लिए कहते हैं। जिसका चार्ज 500 प्राइवेट पैथालॉजी वाले लेते हैं।
शुभम पाठक
-
भाई के हाथ में चोट लग गया था। जब तिलौली अस्पताल पहुंचा, तो डॉक्टर की ओर से यह कहा गया की एक्स-रे मशीन खराब है। आप बाहर से एक्स-रे करवा लो। प्राइवेट पैथोलॉजी में जाकर एक्स-रे करवाया। जिसका चार्ज 300 रुपये वहन करना पड़ा।
राकेश यादव
-
निजी काम से भवानीगंज गया था, जहां लौटते समय सोमवार को शाम करीब साढ़े छह बजे डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव के पास कुत्ते को बचाने के दौरान बाइक से फिसल कर गिर गया। जिससे हमारा हाथ टूट गया। सीएचसी सिरसिया में एक्स-रे की सुविधा नहीं होने से डुमरियागंज के एक निजी अस्पताल में एक्स-रे कराकर प्लास्टर कराया।
-राज शुक्ल, सेमरा बनकसिया
-
सीएचसी सिरसिया में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने से निजी सेंटरों पर एक बार जांच के लिए छह से 800 रुपये देना पड़ता है। अगर सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा होती तो पैसा के साथ ही समय का भी बचत होता।
-प्रमिला, विशुनपुर औरंगाबाद
-
सीएचसी सिरसिया में एक्स-रे मशीन नहीं है। टेक्नीशियन की तैनाती है। एक्स-रे मशीन के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है। जल्द ही सुविधा मिलने की उम्मीद है।
-डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा, सीएचसी अधीक्षक सिरसिया
-
अस्पताल में एक्स-रे मशीन अल्ट्रासाउंड मशीन दोनों लगी है। जो रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर हैं, जब से मेरी जॉइनिंग हुई है तब से आज तक नहीं आए नहीं हैं। एक्स-रे तो हम खुद कर लेते हैं। लेकिन लो वोल्टेज की वजह से नहीं हो पा रहा है। जिसकी शिकायत हम उच्च स्तर पर कर दिए हैं।
-डॉ. रामनिवास, सीएचसी अधीक्षक तिलौली
-
नहीं हो पा रही एक्स-रे जांच
शोहरतगढ़ सीएचसी पर मंगलवार को एक्स-रे मशीन संचालित पाया गया। जहां केवल हड्डियों के एक्स-रे ही हो रहे है। चेस्ट व बड़े एक्स-रे नहीं हो पा रहे है। क्योंकि उसका प्लेट खत्म हो गया है। जिससे मरीज बाहर एक्स-रे कराने पर मजबूर हो रहे है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि एक्स-रे मशीन चल रही है। लेकिन एक्स-रे प्लेट खत्म हो जाने से चेस्ट आदि का एक्स-रे नहीं हो पा रहा है। एक्स-रे प्लेट की मांग की गई है। छोटे एक्स-रे प्लेट है। उस तरह के मरीजों का एक्स-रे किया जा रहा है। आज केवल दो एक्स-रे किया गया है।