हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय
भक्तों ने की शिव उपासना, जलाभिषेक कर मांगी सुख-समृद्धि
सावन के अंतिम सोमवार को मंदिरों में श्रद्धालुओं की लगी रही लंबी कतार
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। सावन के अंतिम सोमवार को शहर से लेकर गांव तक के शिवालयों में पूरी श्रद्धा के साथ शिवभक्तों ने उपासना की। इस पावन वेला में भक्तिभाव से हर-हर महादेव का जयघोष होता रहा। वहीं जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नदियों से कांवड़ में जल भरकर जलाभिषेक किया। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधिवत पूजन कर पूरे दिन उपवास रखा।
शहर के सिंहेश्वरी मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालु जल व दूध से अभिषेक करने के साथ ही भांग, धतूर, बेलपत्र व अक्षत चढ़ाकर पूजन किया। इसके साथ शहर के सिद्धार्थ तिराहे के पास स्थित शिवालय व हनुमानगढ़ी में स्थित शिवालय के साथ ही पुरानी नौगढ़ में स्थित शिवालय में भक्तों की भारी भीड़ रही। सेमरा गांव स्थित शिवालय में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजन किया। डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार भवानीगंज क्षेत्र के खानतारा गांव में स्थित नागेश्वर नाथ मंदिर व भानपुर रानी गांव स्थित प्राचीन भुवनेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु चन्द्रदीप घाट पर जल भरने के लिए रवाना हुए। मंदिर से कांवड़ियों का जत्था भानपुर रानी से धनखरपुर, भवानीगंज, मुगलपूरवा व नौडिहवा होते हुए चन्द्रदीप घाट तट पर जल भरकर कांवड़ियों ने खानतारा गांव के नागेश्वर नाथ मन्दिर व भानपुररानी के भूवनेश्वर नाथ मंदिर पर जलाभिषेक किया।
मिश्रौलिया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बौरहवा बाबा मंदिर, बड़हर घाट मंदिर, मोती सागर शिव मंदिर पर भक्तों की भीड़ रही। ऐतिहासिक मोती सागर शिव मंदिर में स्थित शिव लिंग द्विलिंगी है। मान्यता है कि इस मंदिर में भगवान शिव के साथ मां पार्वती भी विराजमान हैं। थानाध्यक्ष मिश्रौलिया अलोक कुमार श्रीवास्तव मंदिरों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जायजा लिया। मंदिरों पर योगेन्द्र प्रसाद मिश्रा, राकेश गुप्ता आदि व्यवस्था में लगे रहे। पथरा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के मिठवल में स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भनवापुर प्रतिनिधि के अनुसार त्रिलोकपुर क्षेत्र के प्राचीन बाबा डुमेश्वर नाथ मंदिर में स्थित शिवलिंग पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। यहां चिनकू पांडेय, अमित पांडेय व्यवस्था में लगे रहे। परसा प्रतिनिधि के अनुसार नवयुवक कांवड़िया संघ परसा स्टेशन में शामिल श्रद्धालुओं ने सिसवा स्थित बौरहवा बाबा के मंदिर में जलाभिषेक के लिए बानगंगा नदी से जल भरकर जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा में शामिल भक्त भक्तिगीतों पर नाचते रहे। हियुवा के जिला महामंत्री अजय सिंह आदि मौजूद रहे।
भवानीगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के नागेश्वरनाथ मंदिर से सुबह 10 बजे गाजे-बाजे के साथ निकली कांवड़ यात्रा में महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कांवड़ियों ने चंद्रदीप घाट स्थित कुआनो नदी से जल भर कर जलाभिषेक किया। वहीं, प्रसाद वितरित किया गया। आयोजक विनोद कौशल, अंकित, दद्दन दुबे, डॉ. कुलदीप दुबे आदि मौजूद रहे।