भनवापुर ब्लाॅक पर धरना देते रोजगार सेवक संघ के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
इटवा/भनवापुर। विकासखंड भनवापुर के ग्राम सरोथर कठौतिया में कार्यरत रोजगार सेवक के साथ मारपीट से क्षुब्ध रोजगार सेवकों ने सोमवार को ब्लॉक कार्यालय पर ताला जड़ दिया। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इटवा में भी रोजगार सेवकों ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। रोजगार सेवकों का आरोप है कि 5 मई को सरोथर कठौतिया गांव के रोजगार सेवक को प्रधान पुत्र ने मारपीट कर सरकारी कागजात फाड़ दिए थे। पुलिस ने सामान्य धाराओं में केस दर्ज कर मामले को दबाने की कोशिश की है। विरोध में सोमवार को सभी रोजगार सेवक आंदोलित रहे। चेतावनी दी कि अगर 2 दिन में आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूरे जिले के रोजगार सेवक सभी ब्लॉकों पर ताला जड़ देंगे।
उधर, अध्यक्ष विकास खंड इटवा रोजगार सेवक संघ लाल बाबू ने कहा कि पांच मई को ग्राम सरोथर कठौतिया के ग्राम प्रधान के पुत्रों ने फर्जी मस्ट्ररोल पर रोजगार सेवक से जबरन हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया। सफलता न मिलने पर उन लोगो ने रोजगार सेवक के साथ दुर्व्यवहार करते हुए ओरिजनल मस्ट्ररोल को फाड़ दिया। इस बाबत त्रिलोकपुर पुलिस को सूचना देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। पुलिस मामले में टालमटोल कर रही है। ऐसे में अगर 11 मई तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नहीं हुआ तो इटवा के रोजगार सेवक ब्लॉक कार्यालय पर धरना देने व तालाबंदी करने के लिए बाध्य होंगे।