सिद्धार्थनगर। तकरीबन दो माह सहालग की लगन सराफा व्यापारियों के लिए बहुत ही उपयोगी साबित हुआ। गर्मी के सीजन में लगन की कमी के कारण कारोबार में जो घाटा हुआ, उसकी भरपाई इस बार हो गई।
व्यापारियों के मुताबिक, जिले में सहालग में करीब 300 करोड़ रुपये के कारोबार हुए हैं। अब एक माह तक खरमास में बिक्री सुस्त रहेगी। लेकिन इस बीच कारोबारी नए, आकर्षक और डिजाइनदार कपड़े व आभूषण का स्टाॅक भरेंगे, जिससे ग्राहकों को नए साल और लगन में उनके मन पसंद कपड़े और गहने मिल सकें।
वर्ष 2024 सबसे गर्म रहा। गर्मी के बीच लगन और उसमें भी शादी का मुहूर्त कम था। इसलिए आभूषण, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक और बर्तन के व्यापारियों को कारोबार में उम्मीद थी। मगर उनके मन मुताबिक कारोबार नहीं हुआ। कुल मिलाकर गर्मी का सहालग उनके लिए काम चलाऊ रहा है।
कम लगन ने उम्मीद को तोड़ दी तो ठंड के लगन में उन्हें आस थी। करवा चौथ के बाद शुरू हुआ शादी का मुहूर्त लगभग दो माह तक चला।
लेकिन शनिवार से बाजार बेजार होने की ओर चल पड़ा। बाजार में कपड़े और गहने के कारोबारियों के यहां 10 दिन पहले की तुलना में कम भीड़ दिखी। दुकानदारों ने बताया कि ठंड में अच्छी लगन रही और उम्मीद से बेहतर कारोबार हुए। जो स्टाॅक में लाकर रखा गया था वह लगभग समाप्त हो चुका है।
दो माह में जिले में 300 करोड़ रुपये से अधिक गहने और आभूषण के कारोबार हुए हैं। कमोबेश 100 करोड़ रुपये के करीब इलेक्ट्रॉनिक सामान का कारोबार हुआ होगा।
खरमास में एक माह बाजार न के बराबर रहेगा। इसमें शुभ कार्य के लिए गहने और वस्त्र सहित अन्य सामान की खरीदारी नहीं होती है।
लोग खरीद करने से बचते हैं। इसी बीच एक माह में दिल्ली, मुंबई सहित बड़े बाजार से नए मॉडल के सूट और डिजाइनदार साड़ियां और आभूषण लाए जाएंगे।
क्योंकि खरमास समाप्त होते ही ग्राहक तेजी से आएंगे।
ऐसे में स्टाॅक में अच्छा और नए डिजाइन के सामान रहेंगे तो बिक्री अच्छी होगी। लगन खुलने के बाद एक माह तक ठंड रहेगी, ऐसे में गर्म कपड़ों की अच्छी सेल होने की उम्मीद है।
कारोबारियों ने यह भी बताया कि इन दो माह में हुए कारोबार से अधिक बिक्री होने की उम्मीद है। क्योंकि गर्मी और ठंड दोनों सीजन के कपड़े लोग खरीद करेंगे।