महिला स्वास्थ्य कर्मी ने सीएमएस पर लगाया शोषण का आरोप
सीएमओ, महिला थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिला अस्पताल में कार्यरत एक महिला संविदा स्वास्थ्यकर्मी ने सीएमएस पर शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है। उसने सीएमओ और महिला थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सीएमएस आरके कटियार ने आरोप को निराधार बताया। सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने कहा कि मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
महिला स्वास्थ्यकर्मी ने आरोप लगाया है कि सीएमओ के द्वारा विभिन्न प्रकार से शारीरिक शोषण करने के लिए दबाव बनाने की चेष्टा की जाती है साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। इसका विरोध करने पर उसे जिला अस्पताल से कार्यमुक्त करने और संविदा समाप्त करने की धमकी दी जाती है। उसका कहना है कि तीन वर्ष का बच्चा होने के बावजूद वह समय से ड्यूटी पर पहुंचती है और दायित्वों का निर्वहन करती है। उसने मुख्यमंत्री, राज्य महिला आयोग, डीएम एवं सीएमओ को भी पत्र भेजकर सीएमएस के विरुद्ध जांचकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने कहा कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। महिला थानाध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
महिला स्वास्थ्यकर्मी से कभी बात नहीं की
सीएमएस आरके कटियार का कहना है कि हमने संबंधित महिला स्वास्थ्यकर्मी से कभी बात नहीं की। कोर्ट के आदेश पर उसके ससुर को यहां से कार्यमुक्त कर मूल तैनाती स्थल बर्डपुर भेजा जा रहा है और संबंधित महिला स्वास्थ्यकर्मी की मूल तैनाती उसका में है। उसके सभी तरह के आरोप झूठे एवं निराधार हैं।