शाहपुर। डुमरियागंज नगर क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के औसानपुर निवासी व मंदिर चौराहा स्थित मेडिकल स्टोर के संचालक सऊद अहमद ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि 22 जुलाई सुबह 10 बजे पुरानी रंजिश में उनके पटीदार मंजूर अहमद, देवेंद्र प्रसाद, हरीश सैनी और एक अज्ञात ने मेडिकल स्टोर में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर मचाने पर सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।