जोगिया। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया-पकड़ी मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह कोवली देवी (65) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी जान चली गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र सिरसिया निवासी कोवली देवी (65) अपने पति मुरली के साथ घर से पास के ही सजनी चौराहे से घर पैदल ही जा रहीं थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अज्ञात वाहन ने वृद्धा को टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसा देखकर लोग मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद इलाज के लिए माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां देखते ही डाॅक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष जोगिया अभय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंच कर घायल को मेडिकल काॅलेज भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। तहरीर मिल गई है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।