पथरा। थाना क्षेत्र के पिपरा नानकार में एक देवर के पत्नी संग भाभी पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पुश्तैनी भूमि को लेकर हुए विवाद के कारण यह वारदात हुई है। वारदात शुक्रवार तीन बजे की है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
पिपरा नानकार निवासिनी सुग्रीव यादव गांव के बाहर मकान बनवाकर रह रहे थे। शुक्रवार को वह मकान में मिट्टी भराव करा रहे थे। इसको लेकर सुग्रीव और उनके छोटे भाई में कहासुनी हो गई तो वहां मौजूद लोगों ने दोनों में सुलह समझौता करा दिया। सुग्रीव का आरोप है कि कुछ देर बाद वह बगल के खेत में काम करने चले गए। इसी दौरान सुग्रीव की पत्नी गीता (36) को अकेला देख उनका छोटा भाई व उसकी पत्नी ने गीता पर चाकू से हमला कर दिया। यह देख खेत में काम कर रहे सुग्रीव व आसपास के लोग गीता को बचाने के लिए दौड़ पड़े।
लोगों को आता देख आरोपी पति-पत्नी भाग निकले, हमले में गीता लहूलुहान हो गई। सुग्रीव पत्नी को लेकर थाने पर पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ अवधेश पांडेय ने बताया तहरीर मिली है, विधिक कार्रवाई की जा रही है।