धनघटा। क्षेत्र के बारीडीहा गांव में रास्ते के विवाद में एक महिला के साथ मारपीट की गई है। आरोप है कि पति की गैर मौजूदगी में दबंगों ने घर में घुसकर महिला व उसके बच्चों के साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़िता सुशीला पत्नी राजेश यादव निवासी बारीडीहा थाना धनघटा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन अप्रैल को शाम करीब 7:00 बजे रास्ते के विवाद में गांव के ही बबुंदर, आकाश उर्फ कान्हा, रविंदर एवं अतुल उसके दरवाजे पर चढ़ आए और गालियां देते हुए जानमाल की धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार जान बचाने के लिए वह घर के अंदर भागी, तो आरोपी दरवाजा धकेलकर घर में घुस गए और उसके साथ दोबारा मारपीट करने लगे। शोर सुनकर बचाव में पहुंची उसकी बेटी और बेटा को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी पीट कर घायल कर दिया। मारपीट में महिला व उसके बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर मौके पर पीआरवी 112 पहुंची और मामले को शांत किया।
इसके बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उक्त आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अपराध थाना धनघटा रामेश्वर यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, और मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।