संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर जिले के प्रमुख शिवालयों के आसपास सुबह से ही आस्था और उत्साह का संगम दिखा। मंदिरों में सजावट, भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण की तैयारियों के बीच बाजारों में भी रौनक चरम पर रही।
जोगिया के हरनी खुर्द मंदिर, धेंसा में पल्टन नाथ बाबा सहित तमाम मंदिरों पर बेलपत्र, धतूरा, फूल-माला, दूध, दही और मिष्ठान की दुकानों पर खरीदारी जारी रही।
छोटे व्यापारियों के अनुसार, एक दिन की बिक्री सामान्य दिनों के मुकाबले दो से तीन गुना तक पहुंच जाती है। शहर के मुख्य शिव मंदिर के पास अस्थायी रूप से सजी दर्जनों दुकानों पर दिनभर चहल-पहल रही। फूल विक्रेता रमेश ने बताया कि पर्व के चलते बाहर से अतिरिक्त माल मंगवाना पड़ा। बेलपत्र के दाम में हल्की बढ़ोतरी दिखी जबकि दूध और दही की मांग में 20-30 फीसदी तक इजाफा हुआ है।