अक्षय तृतीया के अवसर पर सोमवार को बाजारों में चहल-पहल दिखी। लोगों ने शुभ मुहूर्त देख आभूषणों की खरीदारी की। ग्रामीण बाजारों में भी जमकर खरीदारी हुई। इस दौरान किसान भी हल लेकर खेतों में उतरे। खेतों की जोताई कर अक्षय की कामना की।
अक्षय तृतीया का मुहूर्त शुभ माना जाता है। इस अवधि में किया गया कार्य अक्षय होता है। आभूषणों की खरीदारी की भी मान्यता है। कई दिनों से तैयार आभूषण बाजार में इसका भरपूर असर दिखा। सुबह से ही आभूषण की दुकानों पर ग्राहकों का भीड़ लगी रही।
अक्षय की कामना के साथ लोगों ने सोने-चांदी की खरीदारी की। नगर के लुंबिनी रोड, बैंक रोड, तेतरी बाजार, पुरानी सब्जी मंडी आदि स्थानों पर ज्वेलरी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। महिलाओं ने सोने के गहनों को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई।
ग्रामीण बाजारों में ककरहवां, बर्डपुर, चिल्हिया, शोहरतगढ़ के सोनारी मोहल्ला, बढनी में भी ग्राहकों की भीड़ रही। इस दौरान परंपरानुसार किसानों ने भी खेत की जोताई की। खरीफ की बुवाई के लिए अक्षय तृतीया पर जोताई शुभ माना जाता है। दो वर्षों से प्रकृति की मार से फसलों का नुकसान झेल रहे किसानों को इस बार अच्छी बारिश से बेहतर पैदावार की आस है। बीज के नर्सरी की तैयारियां जोरों से शुरू किया।