सिसवा बाजार। क्षेत्र के ग्राम सभा विसोखोर टोला चौरंगपुर मदरहा के समीप खेत में शनिवार को एक जंगली जानवर ने नीलगाय को अपना शिकार बना लिया। गांव में जंगली जानवर के आने के कारण ग्रामीण दहशत में है। ग्रामीणों को आशंका है कि यह हमला तेंदुए ने किया है।
चौरंगपुर मदरहा निवासी जितेंद्र पुरी के गेहूं के खेत में ग्रामीणों को एक नीलगाय मरी हुई मिली। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। स्थानीय निवासी राहुल यादव, विवेक पुरी, विपिन यादव, अभय यादव, बब्लू यादव, मोनू पुरी व अन्य ने बताया कि अक्सर जंगल से भटककर तेंदुआ आबादी में आ जाता है। तेंदुआ इस गांव के तकरीबन आधा दर्जन पशुओं को शिकार बना चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से जंगली जानवरों से बचाव की मांग की है। रेंजर निचलौल सुनील राव ने बताया कि जंगल से सटे गांवों के लोगों को जंगली जानवरों से बचाव के लिए आए दिन जागरूक किया जाता है। ग्रामीणों को अपने बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखना चाहिए।