-प्राचार्य ने प्रथम वर्ष के छात्रों काे पहनाया व्हाइट कोट
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय के मल्टीपरपज हॉल में मंंगलवार को एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों का व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। इसके साथ ही प्रथम वर्ष के छात्र डॉक्टर के जिम्मेदारियों व समर्पण को लेकर शपथ ग्रहण की।
व्हाइट कोट सेरेमनी चिकित्सा क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक परंपरा है, जो नवप्रवेशी चिकित्सा छात्रों को सेवा, संवेदनशीलता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पण की शपथ दिलाने का प्रतीक मानी जाती है। यह क्षण छात्रों के लिए न केवल गौरवपूर्ण रहा, बल्कि उनके भविष्य के चिकित्सकीय दायित्वों की याद दिलाने वाला भी था।
समारोह के दौरान छात्रों में आपसी सौहार्द, सहयोग एवं समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जो एक कुशल, संवेदनशील एवं जिम्मेदार चिकित्सक बनने की मजबूत आधारशिला है। विशिष्ट अतिथि प्राचार्य प्रो. राजेश मोहन ने बताया कि चिकित्सा पेशे की गरिमा, मानव सेवा के महत्व तथा चिकित्सकीय नैतिकता के पालन पर विशेष रूप से ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि विश्वास, जिम्मेदारी और करुणा का प्रतीक है, जिसे प्रत्येक चिकित्सक को अपने आचरण एवं व्यवहार में आत्मसात करना चाहिए। उपस्थित शिक्षक, अधिकारी एवं छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस दौरान डॉ. आशीष, डॉ. नौशाद आलम, डॉ. नम्रता, डॉ. नीलम, डॉ. शगुफ्ता रही।