-तीर्थ यात्रा पर जाने की बात कहकर बेटे को लेकर निकला था देवहंश, फोन पर पत्नी से करता था बात, नहीं बता रहा था लोकेशन
- जहर खाने और बेटे की मौत के बाद बहनोई को दी जानकारी, अब नहीं बचेंगे फलां जगह पर हैं
- पति-पत्नी के अलावा एक बेटा था घर में, मौत के बाद बिशुनपुरवा गांव में मातम
संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा। देवहंश ने जहर खाने और खिलाने के बाद जब बेटे ने दम तोड़ दिया तो उसने कार में बैठे- बैठे एक रिश्तेदार को सूचना दी और मोबाइल पर लोकेशन भेजी कि बेटे की मौत हो गई है। हम भी नहीं बचेंगे, क्योंकि हमने में जहर खा लिया है। रिश्तेदार पहुंचे और बांसी सीएचसी लेकर गए, जहां वह बच नहीं सका। मौत की खबर के बाद से गांव में मातम है। पत्नी का रो- रोकर बुरा हाल है। क्योंकि, वह बेटे और पति दोनों को खो चुकी थी। जानकारी के बाद घर लोगों का आना- जाना शुरू हो गया।
क्षेत्र के बिशुनपुरवा गांव निवासी देवहंश उर्फ मंटू (36) काे कुछ दिन से नशे में रहने की आदत पड़ गई थी। कर्ज चुकाने के लिए उसने कुछ दिन पूर्व दो बीघा जमीन भी बेच दी थी। इसी बीच वह कुछ रिश्तेदार से अलग-अलग तीर्थ यात्रा में जाने की बात कह रहा था। आठ जुलाई को बेटे डेविड (12) को एकाएक तैयार करके दवा कराने के बहाने कार से लेकर निकला और तब से वह घर नहीं आए।
बताया जाता है कि मोबाइल फोन से कई लोगों से बात होती थी, लेकिन वह अनाप-शनाप जगह बताया करता। सही लोकेशन की जानकारी नहीं देता था। पत्नी सुमन पति व पुत्र की अनुपस्थिति में अकेले घर में घुटन महसूस करती व रोती बिलखती थी। मोबाइल से बात होने पर घर आने के लिए कहती, लेकिन उसको भी अपनी सही लोकेशन न देकर अनाप-शनाप बात कहकर टाल देता था।
मंगलवार को किसी विषाक्त पदार्थ खाने व लोकेशन का मैसेज छितही निवासी अपनी बहन को भेजा कि अब हम नहीं बचेंगे। मैसेज को देखते ही सभी लोग मौके पर पहुंचे। देवहंश के माता-पिता 2021 की कोरोना काल में मृत्यु हो चुकी है। डेविड उनकी अकेली संतान था। वह इस वर्ष कक्षा छह का छात्र था। देवहंश ने देर रात तक पत्नी को लड़के के मर जाने की खबर नहीं बताई।
-
सुबह लोगों ने कार में घूमते देखा
पथरा। खेसरहा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी पिता-पुत्र को मंगलवार को पथरा थाना क्षेत्र के रामभारी गांव के दक्षिण सिवान में पथरा गई तिगोड़वा मार्ग पर सुबह नौ बजे से कार लाॅक करके आगे की सीट पर बैठे देखा गया, जबकि लड़का पीछे की सीट पर लेटा था। आसपास के लोगों के अनुसार दोपहर में कुछ लोग आए जहां दोनों की हालत नाज़ुक देख लोगों ने शोर मचाया। इस पर कार लेकर तेजी से निकल गया। आसपास के लोगों को माजरा समझ नहीं आया और लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे। जब इन दोनों के मरने की सूचना सोशल मीडिया पर आई तो लोगों को मामला समझ में आया।