हिंदू नव वर्ष पर आयोजित कवि सम्मेलन में पंक्ति कहते कवि। स्रोत विज्ञप्ति
शोहरतगढ़। नगर पंचायत स्थित राजस्थान अतिथि भवन में बृहस्पतिवार को हिंदू नववर्ष की संध्या पर कवि सम्मेलन हुआ। इसमें कवियों ने एक से बढ़कर एक काव्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जय प्रकाश निषाद ने मां भारती व श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया। इसके बाद कवियों की ओर से कविताओं का काव्य शुरू हुआ। कवि निवेश राजा ने कहा कि जब जब धरती पर पितामह अन्याय के संग रहेंगे तब-तब कवि तलवार से कविताएं लिखेंगे। कवि अरुणेश विश्वकर्मा ने कहा कि जब झूठ सत्य को ढकने लगता है तब मानव जाति का मूल्य भी घटने लगता है कैसे भूले आजादी की गोली को जो चंदशेखर आजाद,राणा सांगा, छत्रपति शिवाजी, महाराणा प्रताप, वीर अब्दुल हमीद ने अपनी आहुति दे भारत को आजादी दिलाई। कवि सम्मेलन में प्रमोद पंकज, शिवम मिश्र, शिवांश, गौरव गोपाल त्रिपाठी, सलोनी उपाध्याय आदि कवियों ने एक से बढ़कर एक रचना प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवशक्ति शर्मा ने अतिथियों को अंगवस्त्र व श्रीराम का चित्र देकर सम्मानित किया। कवि सम्मेलन में विभाग प्रचारक राजीव नयन, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान,ब्लाक अध्यक्ष प्रतिनिधि अमित यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि, अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, डा पवन मिश्रा, कृष्ण पाल चौधरी, मनोज सिंह, पंकज श्रीवास्तव भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री अनिता जैसवाल आदि मौजूद रहे।