बांसी कोतवाली में शांति समिति की बैठक में मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़। शांति और सौहार्द पूर्ण ढंग से होली संपंन कराने को लेकर थाना क्षेत्र के शांति कमेटी की बैठक थाना परिसर में हुई। बैठक में एसडीएम ने त्योहार में खलल पैदा करने वालों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया। बिजली-पानी व साफ-सफाई की व्यवस्था सुचारु करने का आश्वासन दिया। बैठक में एसडीएम अरुण कुमार सिंह ने कहा कि होली खुशहाली व भाईचारे का त्योहार है। खुशी के इस पर्व को हर वर्ग के लोग शांतिपूर्ण ढंग से संपंन कराने में योगदान दें। एसडीएम ने कहा कि 11 मार्च को मतगणना के दूसरे दिन होती है। ऐसे में लोग विरोधी तत्वों से सतर्क रहें। किसी भी तरह के अफवाह में न आएं।
कोई भ्रम पैदा करता है तो उसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। एसओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि 12 मार्च को तय स्थान पर ही होलिका दहन होगा। इसमें किसी तरह की तब्दीली का प्रयास न किए जाए। रंग-गुलाल लगाने में किसी के साथ जोर-जबरदस्ती न करें। बैठक में हियुवा के देवीपाटन मंडल प्रभारी सुभाष गुप्ता, दीनदयाल गुप्ता, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष डॉ.पवन मिश्रा, रामू यादव, शिवकुमार अग्रवाल, अभय प्रताप सिंह, नंदू गौड़, कृष्ण कुमार अग्रवाल, शिवशक्ति शर्मा, पूर्व चेयरमैन शिवप्रसाद वर्मा, निराला मौर्या, अली अहमद, अब्दुल अजीज, तबारकुल्लाह, मोहम्मद अलीम आदि मौजूद रहे।
बांसी। स्थानीय कोतवाली परिवार में रविवार की देर शाम सीओ महिपाल पाठक की अध्यक्षता में शांति कमेटी की बैठक हुई। बैठक में होली का त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया गया। बैठक में सीओ ने कहा कि कोई भी पर्व हमें प्रेम व सद्भाव की सीख देता है। त्योहार को आपस में मिल-जुलकर मनाना चाहिए। यह धरती गौतम बुद्ध की है, यही से शांति का संदेश पूरे विश्व में फैला है हमें इस परंपरा को कायम रखना है। रंगों के इस पर्व को बदरंग करने की जो भी कोशिश करेगा, उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। बैठक में नायब तहसीलदार केशरीनंदन त्रिपाठी, लालता प्रसाद सहित इं. अशोक त्रिपाठी, सभासद बरकत अली राईनी, परवेज अहमद आदि मौजूद रहे।