सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में भौतिक विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित हुआ वेबिनार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय स्थित भौतिक विज्ञान विभाग की ओर से रमन स्पेक्ट्रोस्कॉपी बेसिक एवं अनुप्रयोग शीर्षक पर एक वेबिनार आयोजित किया गया। प्रोफेसर रमन श्रीवास्तव ने बताया कि रमन स्पेक्ट्रोस्कॉपी एक ऐसा उपकरण है, जिससे कि वर्तमान समय में पदार्थ के किसी भी अवस्था के अणु के वाइब्रेशनल स्टेटस का पता आसानी से लगा सकते हैं। इस प्रक्रिया के तहत हमें किसी जटिल स्पेसिमेन की आवश्यकता नहीं पड़ती है।
विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रोफेसर प्रकृति राय की अध्यक्षता में आयोजित वेबिनार में मुख्य वक्ता के रूप में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी पूर्वी चंपारण बिहार के स्कूल आफ फिजिकल साइंस के भौतिक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं विभागध्यक्ष प्रोफेसर सुनील कुमार श्रीवास्तव रहे। उन्होंने रमन प्रभाव विस्तृत रूप में समझाते हुए रमन स्पेक्ट्रोस्कॉपी को बताया। वेबिनार के मुख्य तथ्यों में स्पेक्ट्रोस्कॉपी की कुछ मूल बातें बताते हुए रमन प्रभाव को विस्तार से बताया तत्क्रम में उन्होंने रमन स्पेक्ट्रोस्कॉपी तकनीक की मूल संरचना की भी विस्तृत रूप से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने इस तकनीक की सहायता से रमन स्पेक्ट्रम की विवेचना करना भी समझाया। प्रोफेसर श्रीवास्तव ने अंत में वर्तमान युग में रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी के अनुप्रयोगों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कौशलेंद्र चतुर्वेदी ने विषय प्रस्तावना बताते हुए की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा वाजपेयी और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमरजीत यादव ने किया।