नगर पंचायत बिस्कोहर में आई तेज आंधी। संवाद
- रविवार को शाम 4:00 बजे से तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश का देर शाम तक चलती रही
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज / सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र में रविवार को पहले बदली और शाम को हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। साथ ही उमसभरी गर्मी से बेहाल लोगों को बारिश और तेज हवा चलने से राहत मिली है। दूसरी तरफ बारिश के चलते नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से घटकर 31 डिग्री पर लुढ़क गया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें आने वाले दो दिनों में फिर से तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में रविवार की दोपहर बाद से ही काली घटा छा गई। पहले बदली और तेज हवा चलने के बाद हल्की और बाद में तेज बारिश शुरू हो गई। वह देर शाम तक होती रही। बारिश के चलते नगर के कई वार्डों के निचले स्तर पर मोतीगंज- भारतभारी मार्ग, हल्लौर का साप्ताहिक बाजार स्थल, शाहपुर, बढ़नीचाफा, भवानीगंज सहित ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न गांव और चौराहे की सड़कें जलमग्न हो गई है। दूसरी तरफ उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों को बारिश से काफी राहत मिली है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से घटकर अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।