संतकबीरनगर। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा नौ से 12 तक के कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित कर अलग से कक्षाएं चलाकर दक्ष किया जाएगा। इसके लिए दिसंबर में ऑनलाइन परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। परिणाम आने पर जो भी कमजोर विद्यार्थी होंगे, उनकी अलग से कक्षाएं लगेंगी।
माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का आकलन करने, सीखने के परिणामों में वृद्धि करने तथा उनकी अंतिम परीक्षाओं की तैयारी को सशक्त बनाने के लिए कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों की दिसंबर में ऑनलाइन विशेष परीक्षा कराई जाएगी।
कक्षा नौ से 12 तक विद्यार्थी गणित, भौतिक विज्ञान, विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान विषय की ऑनलाइन परीक्षा देंगे।
परीक्षा का उद्देश्य है कि परिणाम के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों के प्रदर्शन को सुधारने के लिए उनके अलग से उपचारात्मक कक्षाएं चलाकर उन्हे पढ़ाई में तेज बनाया जाए। विद्यार्थी स्कूल में उपलब्ध कंप्यूटर लैब या फिर घर पर उपलब्ध डिजिटल उपकरणों के माध्यम से परीक्षा दे सकता है। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षा आयोजित होगी। अपर राज्य परियोजना निदेशक विष्णु कांत पांडेय ने सभी डीआईओएस को परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं।ु