पथरा क्षेत्र के राप्ती नदी में लापता आकाश के रोते-बिलखते परिजन।
संवाद न्यूज एजेंसी पथरा बाजार। क्षेत्र के रमवापुर गांव के पास बहने वाली राप्ती नदी को पार करते समय डूबे युवक की दूसरे दिन शनिवार को भी पता नहीं चला। वहीं, साथ में गए दोस्तों से जब बात हुई तो बताते हुए उनकी आंख भर आईं।
एक ने कहा कि पूरी रात नींद नहीं आ रही, वह मंजर बार-बार नजर के सामने घूम रहा है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद से मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार को एसडीआरएफ की टीम पूरे दिन ढूंढने में लगी रही। शाम 4 बजे तक उसका पता नहीं चल सका।
रमवापुर निवासी आकाश (21) शुक्रवार की सांय चार बजे अपने दो मित्र रामदीन (20) सोनू (19) के साथ अपने रिश्तेदार की बाइक वापस करने नदी उस पार गौल्हौरा थाना क्षेत्र के तिघरा गांव गए थे। लौटते समय तीनों लोग पुल से न जाकर नदी तैरकर गांव लौटने का फैसला किया। तीनों लोग एक साथ नदी में छलांग लगा दी।
इस दौरान तीनों नदी में डूबने लगे पर सोनू ने साहस कर नदी पार कर गया। जबकि रामदीन लौट गया। लेकिन आकाश नदी के तेज धारा में बह गया। शनिवार को एसडीआरएफ की टीम नदी में आकाश को तलाशती रही पर उसका पता नहीं चल सका।