धनोहरी में समय माता मंदिर व साधन सहकारी समिति के सामने टूटा हैंडपंप।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम धनोहरी में पेयजल व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। गांव में लगे 32 इंडिया मार्का के सापेक्ष 7 हैंडपंप बेपानी है। अधिकांश में दूषित जल आ रहा है। पूरे गांव में कूड़े का अंबार लगा है। गांव की आबादी 3 हजार के करीब है।
गांव में पेयजल व्यवस्था के लिए 32 इंडिया मार्का हैंडपंप लगाया गया है। इसमें 7 हैंडपंप बेपानी हैं। रखरखाव के अभाव में हैंडपंप भी जर्जर अवस्था में पहुंच रहे हैं। गांव में तैनात सफाई कर्मी भी नहीं आता है। सार्वजनिक व खाली स्थानों पर कूड़े का ढेर लगा है। गांव स्थित समय माता मंदिर व साधन सहकारी समिति परिसर में लगे हैंडपंप बेपानी हो गए हैं। प्रधान मोहम्मद हुसैन कहते हैं कि विभाग में कई बार कहा गया। सुनवाई न होने पर प्राइवेट मिस्त्री से तीन हैंडपंपों को दुरुस्त करवाया गया था। कई हैंडपंप ऐसे हैं जो काम नहीं कर रहे हैं। जल निगम ही इनकी मरम्मत करा सकता है। बीडीओ से कई बार कहा गया। लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं की गई। ग्राम निवासी साधूशरण, ओमप्रकाश मिश्रा, प्रकाश, राधेश्याम, मनोज, रामकृष्ण, अवधेश आदि कहते है कि गांव में सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सफाई कर्मी नहीं आता है। पूरे गांव में गंदगी का अंबार लगा है। नालियां भी जाम है। सड़कों पर पानी लगा रहता है। इस संबंध में एडीओ पंचायत भनवापुर सुरेंद्र मिश्रा ने कहा कि धनोहरी गांव का मामला संज्ञान में है। जल्द ही गांव का औचक निरीक्षण किया जाएगा। खराब हैंडपंपों के रिबोर के लिए जलनिगम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।