डुमरियागंज में प्रेस वार्ता करते शिया धार्मिक नेता कल्ब ए जव्वाद।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के समर्थन में शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी के बयान को शिया धर्मगुरु मौलाना कल्वे जव्वाद ने झूठ करार दिया है। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड की संपत्तियों में घोटाले की सीबीआई जांच के भय से वसीम रिजवी यह राग अलाप रहे हैं। हल्लौर में आयोजित मजलिस में शिरकत करने आए कल्वे जव्वाद ने यहां प्रेस वार्ता की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी सीबीआई के दहशत से आए दिन बिना सिर-पैर की बयानबाजी कर शियाओं के रहबर बनने की कोशिश कर रहे हैं। मंदिर निर्माण का हल शिया और सुन्नी दोनों समुदाय के लोगों से आपसी बातचीत कर निकाला जा सकता है। शिया वक्फ बोर्ड का अध्यक्ष बनने के बाद वसीम रिजवी ने रामपुर में वक्फ की संपत्ति को गलत तरीके से यूनिवर्सिटी को दिया है। जबकि वक्फ बोर्ड के एक्ट के तहत संपत्ति को न तो बेचा जा सकता है और न ही एक्सचेंज किया जा सकता है।
रोहिंग्या मुस्लिमों पर हमले को रोकने में मुस्लिम मुल्कों की भूमिका के सवाल पर मौलाना कल्वे जव्वाद ने कहा कि रोहिंग्या मुस्लिमों पर अत्याचार होता रहा और मुस्लिम मुल्कों के लोग तमाशबीन बने रहे। संयुक्त राष्ट्र संघ के हस्तक्षेप के बाद वहां नरसंहार बंद हुआ। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को बेहतर तालीम दिलाने के साथ ही सरकार से पढ़े लिखे योग्य मुस्लिम नौजवानों को नौकरी दिलाने की मांग की। उन्होंने सपा-बसपा से बेहतर राजनीतिक दल भाजपा को बताया। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष तनवीर रिजवी, गुलदस्ता मातम के सेक्रेट्री काजिम रजा, लवली रिजवी, मौलाना सैफी, शमील शम्सी, असकरी शमीम, अकबर मेंहदी आदि मौजूद रहे।