जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदान 27 फरवरी होगा। वर्ष 2012 के सापेक्ष इस बार मतदाता सूची में अब तक 96,918 मतदाता बढ़ गए हैं। इसमें 33,974 मतदाता ऐसे हैं, जो पहली बार वोट करेंगे। जीत-हार की चाभी 18-19 आयु वर्ग के इन युवा मतदाताओं के हाथों में ही बताई जा रही है। चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों ने वोटरों को रिझाने का सिलसिला तेज कर दिया है।
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में जिले में कुल 18,08,024 मतदाता थे। इसमें 9,85,928 पुरुष और 8,21,949 महिला मतदाता थी। इनके अलावा 147 मतदाता अन्य श्रेणी के थे। कई चरणों के पुनरीक्षण के बाद तैयार हुई नई मतदाता सूची में 1,84,0819 मतदाता हो गए हैं। इनमें 9,99,504 पुरुष व 8,41,150 महिला और 165 मतदाता अन्य श्रेणी के हैं। नई मतदाता सूची में 18-19 आयु वर्ग के कुल 33,974 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी शिवमूरत लाल श्रीवास्तव के मुताबिक निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शीघ्र ही इसका अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। बताया कि जिले मतदाताओं का लिंगानुपात 842 और ईपी रेसियो 62.71 प्रतिशत का है।