पदयात्रा में बताईं सरकार की उपलब्धियां
बेलौहा बाजार से निकली भाजपा की गांधी संकल्प पद यात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
बांसी। गांधी संकल्प यात्रा बुधवार को बांसी विधानसभा के बेलौहा बाजार स्थित लोकेश्वर नाथ शिव मंदिर से सांसद जगदंबिका पाल के नेतृत्व में निकाली गई। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जय प्रताप सिंह पद यात्रा में शामिल हुए। मंत्री ने सरकार की ओर से चल रही योजनाओं की जानकारी लोगों को दी।
कहा कि यात्रा का उद्देश्य है कि लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जाए। सिंगल यूज प्लास्टिक को लोगों से प्रयोग में न लाने की अपील करना और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। संकल्प पद यात्रा लोकेश्वर नाथ शिव मंदिर से शुरू होकर कड़जहर, सुभहीनगवा, मरवटिया होकर बेलोहा बाजार में समाप्त हुई। कार्यक्रम में कुंवर अभय प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर, मंडल अध्यक्ष राजदेव चतुर्वेदी, राजेंद्र पांडेय, उमेश पांडेय, शिवनाथ चौधरी, केशभान राय, विजयकांत चतुर्वेदी, वैंकटेश मिश्रा, रामसनेही निषाद, राघवेंद्र पांडेय, अजय राय, पवन जयसवाल, अर्जुन यादव, प्रिंस पांडेय, रामकिंकर मिश्र, जितेंद्र भट्ट आदि मौजूद रहे।
पटेल जयंती पर रन फार यूनिटी कार्यक्रम आज
मुख्यालय के हाइडिल तिराहे से पेट्रोल पंप तक होगी दौड़
पुलिस कार्यालयों में दिलाई जाएगी एकता दिवस शपथ
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय अखंडता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर गुरुवार को मुख्यालय स्थित हाइडिल तिराहे पर रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसके अलावा पुलिस कार्यालयों में अफसरों व कर्मियों को एकता दिवस की शपथ दिलाई जाएगी।
अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से जारी पत्र के मुताबिक सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्तूबर को होने वाले विविध कार्यक्रम करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जनपद के सभी पुलिस थानों, पुलिस लाइनों व समस्त पुलिस कार्यालयों में फोटो व संदेश प्रदर्शित करने के साथ ही एकता दिवस की शपथ दिलाने की हिदायत दी गई है। रन फार यूनिटी के तहत जिला मुख्यालय पर सुबह आठ बजे हाइडिल तिराहे से शहर के पेट्रोलपंप तक होने वाले दौड़ में स्कूली छात्र समेत पुलिस के जवान व खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। सायं पांच बजे पुलिस द्वारा मार्च पास्ट का आयोजन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी सीताराम गुप्ता ने बताया कि रन फार यूनिटी कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विचार गोष्ठी आज
सिद्धार्थनगर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को सुबह 11 बजे देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई जाएगी। यह जानकारी सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने दी है। अपना दल एस के जिलाध्यक्ष आत्माराम पटेल की विज्ञप्ति के मुताबिक 31 अक्तूबर को 11 बजे से डुमरियागंज विधानसभा के सरदार पटेल श्री रामबरन चौधरी इंटर कॉलेज गौरागढ़ में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई की जयंती समारोह आयोजित है।
वीरेंद्र को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी
बांसी। कांग्रेस पार्टी हाईकमान द्वारा वीरेंद्र चौधरी को प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्वी जोन का प्रभारी बनाए जाने पर पार्टी के नेताओं ने खुशी जाहिर की है। युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अभिनय राय ने कहा कि वीरेंद्र चौधरी को जिम्मेदारी मिलने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कहा कि पार्टी हाईकमान की ओर से विभिन्न पदों पर बड़े ही सूझबूझ के साथ तेज तर्रार कार्यकर्ताओं को जिस तरह जिम्मेदारी दी जा रही है। उससे निश्चित ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन रहा है। कार्यकर्ता नई ऊर्जा के साथ पार्टी और देश हित के लिए कमर कस चुका है। इससे विपक्षी खेमे में खलबली मच गई है। कहा कि वीरेंद्र चौधरी एक जमीनी कार्यकर्ता हैं, उन्हें कार्यकर्ताओं में कैसे जोश भरना है, वह बखूबी जानते हैं। पार्टी पदाधिकारी डॉ. वीएन त्रिपाठी, सैयद गुफरान, गुलाम नबी, बन्ने खान, कन्हैया मिश्रा आदि ने खुशी व्यक्त किया है।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा की पुण्यतिथि आज
बांसी। देश के पूर्व प्रधानमंत्री व आयरन लेडी इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि व लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती गुरुवार को जिला कांग्रेस पार्टी कार्यालय में मनाई जाएगी। यह जानकारी पूर्व जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष अभिनय राय ने दी। उन्होंने अपील की है कि पार्टी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर जरूर पहुंचें।