मौसम में बदलाव के साथ बढ़ीं आंखों में जलन, लालिमा और दर्द की शिकायतें, मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोज पहुंच रहे 15 से 20 मरीज
सिद्धार्थनगर। मौसम में बदलाव के साथ आंखों से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। आंखों में जलन, लालिमा, दर्द, पानी आने और धुंधला दिखाई देने जैसी शिकायतें लेकर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में रोजाना 15 से 20 मरीज इस तरह की समस्या से पीड़ित मिल रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, इनमें वायरल संक्रमण और एलर्जी के मामले भी सामने आ रहे हैं। लक्षण दिखने पर लापरवाही करने के बजाय विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है। बिना चिकित्सकीय सलाह के आंखों में दवा डालने से परेशानी बढ़ सकती है। नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम में नरमी आने लगी है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है।
मौसम के इस बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बुखार, जुकाम और खांसी के साथ आंखों की समस्याएं भी बढ़ रही हैं। अचानक आंख लाल होना, पलक झपकाने पर दर्द होना, लगातार पानी आना और किसी चीज को देर तक देखने पर धुंधलापन महसूस होना इसके प्रमुख लक्षण हैं।
बृहस्पतिवार को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में दोपहर 12:30 बजे तक 86 मरीजों की जांच की जा चुकी थी। इनमें 15 से 20 मरीज आंखों में जलन, दर्द और पानी आने की समस्या से पीड़ित थे। कुछ मरीजों ने बताया कि उन्हें अचानक परेशानी शुरू हुई, जबकि कुछ को रात में बाइक से सफर करने के बाद सुबह आंखों में तेज दर्द और पानी आने की शिकायत हुई।
नेत्र रोग विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम में बदलाव के दौरान आंखों में वायरल संक्रमण और एलर्जी की समस्या हो सकती है। सुबह-शाम ठंडी हवा के साथ धूल के कण आंखों में पहुंचने से भी जलन और संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। खासकर खुले में काम करने वाले और बिना हेलमेट या चश्मे के बाइक चलाने वाले लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की आंखों की जांच के बाद जरूरत के अनुसार आई ड्रॉप और अन्य दवाएं दी जा रही हैं। मरीजों को बचाव के तरीके भी बताए जा रहे हैं। बच्चों को धूल और गुबार वाले स्थानों पर जाने से बचाने की सलाह दी जा रही है।
कोट
मौसम में बदलाव के कारण आंखों में वायरल संक्रमण और एलर्जी की शिकायतें बढ़ रही हैं। बाहर निकलते समय हेलमेट और चश्मे का इस्तेमाल करें, ताकि धूल के कण और ठंडी हवा सीधे आंखों के संपर्क में न आएं। आंखों को साफ पानी से धोएं और परेशानी होने पर विशेषज्ञ से जांच कराएं। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई आई ड्रॉप न डालें।
- डॉ. संजय कुमार गुप्ता, नेत्र सर्जन, माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज