ग्रामीण कई बार अधिकारी और जनप्रतिनिधियों को समस्या से करा चुके हैं अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
ढेबरुआ। बढ़नी विकास खंड के गजेहड़ी उर्फ मधवानगर गांव की डीह की सड़क पर जलभराव होने से ग्रामीण को परेशानी हो रही है। सैकड़ों की आबादी वाले डीह में नाली नहीं होने से बारिश के मौसम में सड़कों व लोगों के घरों में पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को काफी दिक्कत होती है।
सड़क पर गंदे पानी के जमाव से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सड़क से बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को प्रतिदिन गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है लेकिन कोई जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे है। ग्रामीणों ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से कई बार नाली का निर्माण करवाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गोविंद द्विवेदी, इंद्रजीत यादव, तुलसीराम, विवेक, कल्लू, पप्पू, बसंतु सहित अन्य दर्जनों ग्रामवासियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार शिकायत पत्र देकर उच्च अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है। लोगों ने जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की।
इस संबंध बीडीओ मुरली मनोहर मिश्रा ने बताया कि गांव में नाली नहीं होने से सड़क पर जलभराव हो रहा है। इसकी जांच कराकर समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।