ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ किया प्रदर्शन, मनमानी का लगाया आरोप
-खुनियांव विकास क्षेत्र के ग्राम सल्लनजोत और दुबायल तिवारी का मामला
संवाद न्यूज एंजेसी
इटवा। विकास खंड खुनियांव के ग्राम सल्लनजोत व दुबायल तिवारी के लोगों ने राशन न मिलने की शिकायत करते हुए कोटेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए एसडीएम इटवा को संबोधित शिकायती पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 142 कार्डधारकों में 33 अंत्योदय कार्डधारक शामिल हैं, जिन्हें राशन नहीं दिया गया। कार्डधारक रामफेर, नुरूलहुदा, मैनुद्दीन, फैजुल्लाह, मोमिनाखातून, निजाम, अलीमुन, रामदेव और सिराज आदि ने बताया कि मनमाने रवैये के चलते उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक खुनियांव मुकेश का कहना है कि शासन के निर्देश पर प्रत्येक गांव में पूर्व माह में उठान की गई मात्रा का ही इस माह में भी उठान हुआ है। यही कारण है कि सल्लनजोत व दुबायल तिवारी मे विगत माह की मात्रा के हिसाब से इस माह भी राशन का उठान हुआ और उतनी मात्रा के वितरण के बाद मशीन लॉक हो गई। अगले माह से सभी राशन कार्ड धारकों को राशन नियमित रूप से राशन मिलने लगेगा।