: बांसी कोतवाली के ग्राम समोगरा में सोमवार को हुए हंगामे के बाद हो गया था पथराव
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बांसी कोतवाली के ग्राम समोगरा में सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रखने के दौरान हुए बवाल के मामले में ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रर्दशन किया। प्रदर्शनकारियों ने ग्राम प्रधान समेत प्रशासन व पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन के खिलाफ कार्रवाई करने एवं प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की है।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों व महिलाओं का आरोप था कि गांव के श्रीराम ने अपनी निजी भूमि में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रार्थनापत्र दिया था। इसके बाद 20 अप्रैल को प्रतिमा स्थापित की गई तो किसी ने विरोध नहीं किया, लेकिन 21 अप्रैल की सुबह ग्राम प्रधान ने प्रतिमा हटाने का प्रयास करते हुए उन्हें जातिसूचक गालियां दीं। साथ ही तहसील प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देकर बुला लिया।
इसके बाद पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में प्रतिमा को तोड़कर उठा ले गए और विरोध करने पर लाठीचार्ज कर दिया। जिससे कई लोगों को चोट आई हैं। उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपते हुए मामले में प्रधान समेत पुलिस अधिकारियों व तहसील प्रशासन के विरुद्ध कार्रवाई और प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की है।
प्रदर्शन में इस दौरान उमेश, नीलम, रेखा, चांदनी, प्रियंका, रेखा, अबुलास, अनूशा देवी, विपिन कुमार, विनोद कुमार विद्यार्थी, राजेश, श्यामसुंदर, राजेंद्र व शांति आदि शामिल रहे।