मुर्दाघर के बाहर लोगों को समझाते पुलिस अधिकारी
- फोटो : amar ujala
बांसी। घर से बुलाकर धोखे से दलित युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को ग्रामीणों ने खुटहना चौराहे पर बांसी-बस्ती मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक रास्ता अवरुद्ध कर ग्रामीण हत्यारोपी के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग करते रहे। मौके पर पहुंची सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
कोतवाली क्षेत्र के नदाव गांव निवासी तुलसीराम का पुत्र रवि 3 अप्रैल की शाम खेसरहा थाना क्षेत्र के वजीराबाद निवासी हरिलाल के साथ बाइक से कहीं गया था। तुलसीराम के मुताबिक देर रात तक न लौटने पर उसने रवि की खोजबीन शुरू की। सफलता न मिलने पर 4 अप्रैल को कोतवाली बांसी में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया। इस बीच पांच अप्रैल को हरिलाल के पुत्र बिहारी ने उसे फोन पर रवि के मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती होने की सूचना दी। जब वह मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो वहां रवि मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। तुलसीराम ने रवि की साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया।
इस मामले को लेकर शुक्रवार की शाम नदाव के ग्रामीणों ने बांसी-बस्ती मार्ग को खुटहना चौराहे के पास जाम कर दिया। हत्यारोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए ग्रामीणों ने नारेबाजी की। जाम की सूचना पर सीओ महिपाल पाठक, कोतवाली प्रभारी डीके श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आश्वासन पर शाम करीब 5 बजे जाम समाप्त हुआ। कोतवाली प्रभारी डीके श्रीवास्तव के मुताबिक मृतक रवि के पिता तुलसीराम की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है।