सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बनगवां बरई गांव के कुछ लोगों ने बुधवार को खैर टेक्निकल कॉलेज के छात्रों को परिसर मे घुसकर पिटाई की। प्रबंधक की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। वहीं, दूसरी तरफ गांव की महिलाओं ने आरोप लगाया कि वह हलषष्ठी पूजन के लिए जा रही थीं, तो स्कूल के बच्चे छत पर खड़े होकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम बनगवां बरईं की एक महिला अपने बच्चे को स्कूल में पहुंचाने सुबह स्कूटी से जा रही थी। इसी बीच खैर टेक्निकल स्कूल का एक छात्र, जो साइकिल से कॉलेज आ रहा था, अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गया। इसमें दोनों को हल्की चोटें आईं। बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद महिला ने गांव में आकर परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी तो कुछ अन्य लोग गोलबंद होकर स्कूल परिसर में पहुंचे और छात्रों की पिटाई कर दी।
सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव व कोतवाल संजय मिश्रा मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। इसी बीच गांव की मुन्नी देवी, राधा, बीना और गुड़िया आदि महिलाओं ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि हलषष्ठी पूजन करने के लिए पोखरे पर जा रही थीं तो स्कूल के छात्र छत पर खड़े होकर अपशब्द कह रहे थे। इस संबंध में डुमरियागंज थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि मारपीट कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।