संवाद न्यूज एजेंसी
भवानीगंज। नगर पंचायत बढ़नी चाफा के गुरु वशिष्ठ नगर वार्ड में बन रहे गोशाला का नगर पंचायत के ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि करीब डेढ़ करोड़ की लागत से हो रहे गोशाला निर्माण में जमकर धांधली की जा रही है।
दोयम दर्जे की ईंट और घटिया सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच करके कार्रवाई की मांग की है। नगर वासियों ने कहा कि पिछले कई दिनों से हम लोग संबंधित अधिकारी से शिकायत कर रहे थे, इसके बावजूद निर्माण कार्य घटिया सामग्री से ही चल रहा था।
नगर वासी इकट्ठा होकर विरोध करके कहा कि अगर निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ तो हम लोग उच्च अधिकारियों के पास शिकायत लेकर जाएंगे। लोगों ने विरोध करके काम को रोकवा दिया। वहीं, इस संबंध में ईओ बढ़नी चाफा आशुतोष सिंह ने बताया कि खराब सामग्री वहां से हटाने के लिए ठेकेदार को कह दिया गया है किसी भी दशा में खराब काम नहीं किया जाएगा।
इस दौरान सभासद शिवप्रसाद, पूर्व प्रधान अजय राम यादव, संत गुलाम, परशुराम, संतोष कुमार, गौरी, उदयभान, राधे आदि मौजूद रहे।