भवानीगंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के केवटली नानकार के टोला नवडिहवा में रविवार को एक प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण कराने की कोशिश का मामला सामने आया है।
इससे जुड़ा वीडियो भी वायरल हुआ। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती। मामले की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने संज्ञान लेते हुए चेयरमैन बढ़नीचाफ़ा धर्मराज वर्मा व पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को मौके पर भेजा।
विज्ञापन
पूर्व विधायक ने बताया कि मौके पर बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं को एकत्र कर मानसिक रूप से प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे उनका धर्म परिवर्तन कराया जा सके। उन्होंने इसे एक साधारण घटना न मानते हुए साजिश बताया। इसमें कुछ स्थानीय लोगों की मिलीभगत भी सामने आ रही है। उनका कहना है कि ये तत्व समाज को भीतर से कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। पूर्व विधायक ने छांगुर बाबा जैसे व्यक्तियों और ईसाई मिशनरियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोग हिंदू समाज को भीतर से खोखला कर रहे हैं, तो दूसरी ओर बाहरी प्रभावों द्वारा धर्मांतरण का जाल फैलाया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चेयरमैन धर्मराज वर्मा ने बताया कि पूर्व विधायक के निर्देश पर मौके पर गया था। प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की बात की गई है। इस संबंध में भवानीगंज थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने बताया कि मौके पर पुलिस गई थी, प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का कोई मुद्दा नहीं हैं। मौके पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।