सुपारी पर गई थी सब्जी विक्रेता की हत्या
जमीन के लिए 1.20 लाख की सुपारी लेकर कराई गई थी हत्या
सदर पुलिस ने क्षेत्र के महदेवा चौराहे से गिरफ्तार करके भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सदर पुुलिस ने सब्जी विक्रेता की हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए बृहस्पतिवार को दो हत्यारोपियों को क्षेत्र के महादेव चौराहे से दबोच लिया। पूछताछ में 1.20 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों को आरोपियों को जेल भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक सदर केडी सिंह ने बताया कि मोहाना थानाक्षेत्र के बेल्टीकर गांव निवासी एक व्यक्ति की हत्या हुई। इस मामले में हत्या का केस दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली की आरोपी क्षेत्र के महदेवा चौराहे के पास मौजूद हैं। वह कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए टीम बताए हुए स्थान पर पहुंच गई। इसके बाद दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान जितेंद्र लोध निवासी बेल्टीकर टोला मोहाना, हाल मुकाम ग्राम विजगौली थाना विजउवापुर जिला रुपनदेही नेपाल और नीरज लोध निवासी बेल्टीकर टोला थाना मोहाना के रूप में की गई। पूछताछ करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
1.20 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या
पुलिस के मुताबिक मृतक और हत्यारोपियों के बीच जमीन के लिए विवाद चल रहा था। इस मामले में कई बार बहस भी कर चुका था। उसी जमीन की रंजिश में रास्ते से हटाने की योजना तैयार की गई। इसके बाद 1.20 लाख रुपये सुपारी दी। तीन लोगों ने मिलकर मृतक रामचंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि तिवारी लोध निवासी पिपरहवा थाना मोहाना, उमेश तिवारी को एक लाख बीस हजार रुपये देकर हत्या कराई थी। दोनों सुपारी किलर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।