- कलेक्ट्रेट पहुंचकर उर्वरक विक्रेताओं ने किया प्रदर्शन, लगाया आरोप
- बोलें सीजन में खाद जरूरी, आवंटित नही होने से कारोबार हो रहा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। उर्वरक फुटकर विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को दिए शिकायती पत्र में खाद के होलसेलर व कृषि विभाग अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। विक्रेताओं का कहना है कि फुटकर दुकानदारों को आवंटित करने की जगह होलसेलर के मिलीभगत से नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी की जा रही है। कृषि विभाग से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आदर्श कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सभी फुटकर दुकानदारों की आईडी ब्लॉक है, जिसे खुलवाने के लिए धन उगाही की जा रही है। इसकी शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं होलसेलर यूरिया खाद पर दो किग्रा जिंक व ओवर रेट लिया जा रहा है। इसी तरह डीएपी खाद पर भी ओवररेट आवंटन हो रहा है, जबकि फुटकर दुकानदार को निर्धारित रेट पर बिक्री करने का निर्देश दिया जाता है। इससे फुटकर दुकानें बंद होने के कगार पर पहुंच गईं हैं। उन्होंने डीएम से फुटकर दुकानदारों का उत्पीड़न बंद कराने और मामले की जांचकर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई कराने की गुहार लगाई हैं। इस दौरान विजय प्रकाश त्रिपाठी, अरूण कुमार, अहमद अली, आनंद प्रकाश, मो शहजाद, विनोद, अब्दुल हई, सचिंद्र सिंह, कुलदीप, विजय आदि मौजूद रहे।