सिद्धार्थनगर। जिले में 16 करोड़ रुपये से अधिक धान के धान खरीद घोटाले की जद में आए दो क्रय केंद्र प्रभारियों को सदर पुलिस ने शनिवार देर शाम शहर से सटे जमुआर नाला के पास से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक डुमरियागंज और दूसरा इटवा क्षेत्र में धान क्रय केंद्र प्रभारी है।
इसमें पीसीएफ के जिला प्रबंधक और चार क्रय केंद्र प्रभारियों पर सरकारी धन के गबन सहित अन्य मामले में मुकदमा दर्ज था। दो क्रय केंद्र प्रभारी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। धान खरीद में 16 करोड़ रुपये से अधिक के गबन का मामला सामने आया था। पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक की तहरीर पर पीसीएफ के जिला प्रबंधक अमित चौधरी और चार अन्य केंद्र प्रभारियों पर सरकारी धन के गबन सहित अन्य धारा में केस दर्ज हुआ।
विज्ञापन
इसमें आरोप था कि धान तो खरीद हुआ, लेकिन उठान हुई ही नहीं और रुपये की हेराफेरी कर ली गई। केस दर्ज करके पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें बांसी पुलिस ने आरोपी दो केंद्र प्रभारियों को गिरफ्तार किया था। वहीं, दो केंद्र प्रभारियों के मामले की जांच शहर कोतवाल संतोष कुमार तिवारी कर रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी थी।
कोतवाल संतोष कुमार तिवारी के अनुसार शनिवार को सूचना मिली कि धान खरीद घोटाले के आरोपी अंकुर दूबे निवासी कुनगाई थाना इटवा क्रय केंद्र प्रभारी कुनगाई और ओमप्रकाश पांडेय निवासी बनबदिया भानपुर जनपद बस्ती क्रय केंद्र प्रभारी धान खरीद केंद्र डुमरियागंज शहर के जमुआर नाला के पास हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए अतिरिक्त निरीक्षक शशिभूषण पांडेय के साथ दोनों को दबोच लिया गया। पूछताछ करने के बाद न्यायालय के लिए रवाना कर दिया गया।