सिद्धार्थनगर। सड़क पर बालू और मोरंग का धंधा चल रहा है। ग्राहकों को दिखे इसलिए नेशनल और स्टेट हाईवे व चौराहे के लिंक रोड पर यह धंधा बड़े पैमाने पर हो रहा है। इससे न सिर्फ जाम की स्थिति बन रही है, बल्कि फिसलकर वाहनों के गिरने के साथ- साथ कई दिनों से हवा चलने के कारण कण उड़ रहे हैं, जिससे आंख में दिक्कत होने के साथ- साथ नाक और मुंह के रास्ते फेफड़े तक पहुंचने पर संक्रमण बढ़ गया है।
अवैध रूप से सड़क पर होने वाले करोड़ाें के कारोबार और इसके कारण होने वाले हादसों से प्रशासन भी बेखकर है। 10 दिन पहले बालू के कारण इटवा रोड पर दो बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप घायल हो गए। इससे घटनाओं में लोगों की जान भी जा चुकी है। इधर हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी तो यह बड़ी मुसीबत बनेगी। अगर इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो एक बार फिर हादसे और आंख के रोगियों की संख्या बढ़ेगी। जिले के कुछ इलाकों की पड़ताल की गई तो सड़क पर अवैध कारोबार की तस्वीर सामने आई।
कस्बे ही नहीं बल्कि शहर में भी सड़कों पर गिट्टी, मोरंग और सरिया की दुकानें स्थित हैं। इस कारण लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, जबकि धूप होने पर हवा में उड़ते मोरंग के कण आंखों तक पहुंचकर जख्मी कर रहे हैं। लोगों की शिकायतों के बावजूद भी सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदार अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं। हाईवे और टू लेन के पास गिट्टी मोरंग का कारोबार हो रहा है, जिससे न सिर्फ जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, बल्कि लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं।