चिल्हिया क्षेत्र के सिसहनिया में पोस्टमार्टम के लिए कब्र से शव निकालते तहसीलदार व एसओ।
- फोटो : अमर उजाला
चिल्हिया। थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 13 के सिसहनिया गांव में दो माह बाद मृत युवक की लाश को रविवार को कब्र से बाहर निकाला गया। युवक की लाश नदी में उतराई हुई मिली थी। डूबने से मौत मानते हुए उसे दफना दिया गया था। बाद में परिजनों की हत्या की आशंका जताने पर कब्र से बाहर निकालकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के मां की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 13 के सिसहनिया गांव निवासी बरसाती के पुत्र शहजाद (19) की लाश दो माह पूर्व गायघाट के टोला दुबौलिया के पास नदी से बरामद हुआ था। लाश को बिना पोस्टमार्टम करवाए ही दफना दिया गया था। मृतक की मां हलीमुन्निशा को पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 17 अगस्त को शहजाद को बाढ़ देखने की बात कह गांव के ही चार लोग साथ ले गए थे। बेटे के पास पांच हजार रुपये व घड़ी भी था। आरोप लगाया कि उन चारों ने ही शहजाद को पुल से धक्का देकर पानी में गिरा दिया। तैरना न आने के कारण शहजाद नदी में डूब गया। बार-बार वह चारों से बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने नहीं सुना।
घटना को वहां बकरी चरा रहे कई बच्चों ने देखा भी था। बेटे की हत्या की गई थी। लाश को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने 24 अक्टूबर को शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने का ओदश दिया था। इसके तहत रविवार को तहसीलदार शोहरतगढ़ संतोष कुमार ओझा व एसओ चिल्हिया चंदन कुमार की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में तहसीलदार संतोष कुमार ओझा ने बताया कि डीएम के आदेश पर शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, एसओ चिल्हिया चंदन कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव निवासी सुभाष, विफई, सकरे शहाबुद्दीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।