सिद्धार्थनगर। जिले में अवैध रूप से असलहा बनाने की दो फैक्ट्रियों का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। स्वाट व मोहाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी के दौरान आधा दर्जन तैयार असलहे, कई कारतूस व असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद किए। मौके से एक-एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया, जो हिस्ट्रीशीटर बतया जा रहा है। बरामद असलहों का इस्तेमाल चुनाव में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
एसपी ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 5 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। स्वाट टीम प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने रविवार को सदर थाने के एसआई अभिमन्यु सिंह व अन्य के साथ सदर थाना क्षेत्र के अगया महदेवा गांव में छापा मारा। मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी के दौरान यहां से अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। मौके से महराजगंज के कोल्हुई निवासी मुन्ना उर्फ इरफान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने यहां से एक देशी पिस्टल, 32 बोर तमंचा, दो 12 बोर तमंचा सहित कारतूस, विभिन्न साइज के लोहे की नाल, हथौड़ा, कैंची, रेती, लकड़ी जड़ी भट्ठी सहित अन्य अन्य उपकरण बरामद हुए।
सदरथाने में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सीओ सदर अकमल खां ने बताया कि पकड़ा गया मुन्ना उर्फ इरफान हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों के अलावा महराजगंज के कोल्हुई, कानपुर के नवाबगंज में हत्या, हत्या के प्रयास, जालसाजी, गुंडा एक्ट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पुलिस अब गैंगस्टर की कार्रवाई शुरू कर रही है। इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी शिवाकांत मिश्र के अलावा एसआई अभिमन्यु सिंह, कांस्टेबल गौरव सिंह, अवनीश सिंह, आशुतोष तिवारी, दिनेश यादव, राकेश कन्नौजिया, दिनेश सिंह, वाल्मीकि दुबे शामिल रहे।
इन्हें एसपी ने 5 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। उधर, एक अन्य कार्रवाई के तहत मोहाना थाना अंतर्गत ककरहवा चौकी प्रभारी गिरिजेश उपाध्याय ने शनिवार की रात ककरहवा कस्बे में दबिश देकर अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। मौके से मोहाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर टोला महली निवासी मो.अली को पकड़ा। दो बार बोर तमंचा, 315 व 12 बोर के 4-4 नाल, स्प्रिंग सहित असलहा बनाने के अन्य उपकरण भी पकड़े।