फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अज्ञात बीमारी से दो बच्चों की जान गई

Tue, 21 Mar 2017 10:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
चारों की लाशों के पास विलाप करते परिजन और पूछताछ करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
डुमरियागंज। अचानक तेज सिर दर्द और शरीर में ऐंठन के बाद तीन घंटे के अंतराल में एक-एक कर दो बच्चों की मौत से तहसील क्षेत्र के सुरजी गांव में हड़कंप मच गया है। सूचना पर मंगलवार को गांव में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चार बच्चों को इलाज के लिए बेंवा सीएचसी भेजा गया है। स्वास्थ्य टीम पूरे दिन गांव में डटी रही, मगर इस अचानक उभरी इस अज्ञात बीमारी और बच्चों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। ऐहतियात के तौर पर इलाके में दवाओं का वितरण व डीडीटी का छिड़काव कराया जा रहा है। सीएमओ ने भी गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दवा-उपचार के बेहतर इंतजाम के निर्देश दिए। अज्ञात बीमारी को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन

क्षेत्र के सुरजी गांव निवासी गोपाल की पुत्री नंदनी (10) को सोमवार की रात अचानक तेज सिर दर्द होने लगा। तब तक लोग उसे इलाज के लिए ले जाते उसके मुंह से झाग निकलने लगा और थोड़ी देर में ही उसकी मौत हो गई। लगभग इसी वक्त राजकुमार के बेटे अमन (11) की भी तबीयत भी इसी तरह अचानक बिगड़ गई। सिरदर्द के साथ शरीर में ऐंठन होने से घर वाले सकते में आ गए। आनन-फानन में अमन को डुमरियागंज न्यू पीएचसी लाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने बेंवा सीएचसी रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर बस्ती ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। 
बच्चों की मौत की खबर पाकर विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं को गांव में भेजकर सूचना स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों को दी। अलसुबह ही गांव में बेंवा सीएचसी अधीक्षक डॉ.एनके गुप्ता, डुमरियागंज न्यू पीएचसी प्रभारी डॉ.मुस्तकीम अंसारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम गांव में पहुंच गई। मृत बच्चों के बारे में जानकारी ली। परिवार व गांव के अन्य बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान शिवम (8) पुत्र ओमप्रकाश, किरन (18) पुत्री गोपाल और सुनीता (15) पुत्री छोटेलाल को इलाज के लिए बेंवा सीएचसी रेफर किया गया। पास के गांव सुहेलवा निवासी संतोष के पुत्र जैसराम (6) को जांच के दौरान उल्टी शुरू हो गई। उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से बेंवा सीएचसी भेजा गया। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों में दवाओं का वितरण किया, डीडीटी का छिड़काव कराया गया।
विज्ञापन

साफ-सफाई बरतने के निर्देश दिए। दोपहर बाद सीएमओ डॉ.राजेंद्र कपूर भी गांव पहुंचे और हालात की जानकारी ली। तमाम छानबीन के बाद भी दोनों बच्चों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सीएमओ के मुताबिक स्वास्थ्य टीम के पहुंचने से पहले ही दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार हो चुका था। मृत बच्चों के घर वालों ने बताया दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ थे, फिर अचानक उन्हें क्या हो गया यह किसी की समझ में ही नहीं आया और उनकी मौत हो गई। दोनों मौतों का कारण जानने के लिए परिवार के अन्य बच्चों समेत गांव के 35 बच्चों के खून का सेंपल लिया गया है। उसमें किसी भी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है। गांव के हालात पर नजर रखी जा रही है। तीन टीमों को गांव में लगाया गया है। प्रधान को साफ-सफाई व दवाओं के छिड़काव के लिए हिदायत दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें