10 वर्षीय बालिका से छेड़खानी, दो गिरफ्तार
पीड़िता की मां ने दी तहरीर, भैंस चराने वाले दो लोग आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। खेत की ओर गई 10 वर्षीय बालिका से छेड़खानी करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना रविवार शाम की है। तहरीर पर सदर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया है।
सदर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 10 वर्षीय बालिका रविवार देर शाम खेत की ओर गई थी। आरोप है कि वहां पहले भैंस चरा रहे दो लोगों ने बालिका से छेड़खानी शुरू कर दी। बालिका के चीखने-चिल्लाने पर जब तक गांव के लोग पहुंचते दोनों भाग निकले। बच्ची ने घर पहुंच कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों पर छेड़खानी का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। थाने पर लाकर पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया गया। एसओ सदर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर शौकत अली निवासी भदवल, लल्लन निवासी बर्डपुर नंबर 13 टोला कल्यानपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।