41 दिन से क्वारंटीन जमातियों को डिस्चार्ज करने की मांग
बदलपुरवा टोला मस्जिद में एक अप्रैल को क्वारंटीन किए गए थे 14 जमाती, दावा कि हर जांच रिपोर्ट आई है निगेटिव
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। क्वारंटीन हाउस में 14 दिन पूरे करने वालों को प्रशासन घर भेज रहा है लेकिन बदलपुरवा मस्जिद में एक अप्रैल को क्वारंटीन किए गए 14 जमातियों को 41 दिन बीतने के बाद भी डिस्चार्ज नहीं किया गया है। बदलपुरवा मस्जिद प्रभारी ने डीएम को पत्र लिख कर इन जमातियों को घर भिजवाने की मांग की है।
बर्डपुर 14 टोला बदलपुरवा निवासी मो. यूनुस के अनुसार मेरठ के 14 जमाती 24 मार्च को तबलीग के सिलसिले में बदलपुरवा पहुंचे थे। लॉकडाउन होने के कारण बदलपुरवा मस्जिद में ही रुके हुए थे। इस दौरान एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों ने मौका मुआयना किया था। प्रशासन ने इन सभी जमातियों को एक अप्रैल को 14 दिन के लिए मस्जिद में ही क्वारंटीन कर दिया था। क्वारंटीन समय में इन लोगों की कई बार जांच की गई। मो. यूनुस का दावा है कि हर बार सभी जमाती स्वस्थ पाए गए। क्वारंटीन समय बीतने के बाद भी प्रशासन की ओर से इन्हें डिस्चार्ज कर उनके घर मेरठ नहीं भिजवाया है। मो. यूनुस जिलाधिकारी दीपक मीणा को प्रार्थना पत्र देकर इन जमातियों को उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था कराने की मांग की है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है उन लोगों को घर भिजवाने की कार्रवाई की जा रही है।