चोरी की पांच बाइक के साथ दो गिरफ्तार
फोटो- 73
इटवा पुलिस को मिली सफलता, एक आरोपी मौके से भागा
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। बुधवार देर रात मुखबिर की सूचना पर वाहन चेकिंग के दौरान संदेह होने पर की गई पूछताछ में इटवा पुलिस ने दो बाइक चोरों को चोरी की पांच बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों में एक अभियुक्त इटवा थाने में चोरी व हत्या में वांछित बताया जा रहा है।
बुधवार को थानाध्यक्ष इटवा सत्येन्द्र कुंवर, एसएसआई रामेश्वर यादव, शिवकुमार यादव, कांस्टेबल सुरेश चंद्र व शैलेश सिंह इटवा कस्बे में वाहन चेकिंग अभियान पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बाइकों को नेपाल बेचने जा रहे तीन अभियुक्तों में एक बाइक से डुमरियागंज की तरफ से आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बुधवार रात करहिया पुल पर पहुंचकर वाहनों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। रात लगभग पौने नौ बजे तीन लोग एक ही बाइक से आते दिखाई दिए। पुलिस उन्हें रोककर पूछताछ करती इस बीच एक युवक अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गया। जिसकी पहचान इटवा थाने के ग्राम दुर्गाजोत राम सुभग के रूप में की गई। जबकि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नफीस उर्फ लकी निवासी पहाड़ापुर थाना इटवा व नजमुद्दीन उर्फ नज्जू निवासी इटवा कस्बे के रूप में हुई। पूछताछ में पुलिस ने इनके पास से दो अगस्त को कस्बे में हुई चोरी की एक बाइक व भागने वाले युवक रामशुभग के घर से चोरी की चार बाइकें बरामद की। गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद नफीस इटवा थाने में हत्या व चोरी के मामलों में भी शामिल रहा है।