हादसे में घायल बच्चे बांसी पीएचसी में भर्ती कराए गए।
- फोटो : अमर उजाला
बांसी। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत माधव चौक के पास मंगलवार की सुबह ट्रक का पहिया बर्स्ट हो गया। प्रेशर से सड़क की गिट्टियां छिटककर पास से गुजर रहे स्कूल टेंपो के कांच से टकरा गई। कांच टूटने से टेंपो सवार सात बच्चे घायल हो गए। सभी बच्चे नगर के ईटन इंग्लिश स्कूल के छात्र थे। उन्हें तत्काल बांसी पीएचसी में भर्ती कराया गया। ईटन इंग्लिश स्कूल के बच्चों को लेकर टेंपो सुबह करीब 10 बच्चे स्कूल की ओर जा रहा था। माधव चौक के पास बस्ती की तरफ से आ रही लोडेड ट्रक का पहिया अचानक तेज आवाज के साथ बर्स्ट हो गया। धमाका सुनकर लोग सहम गए।
जब संभले तो देखा कि टायर बर्स्ट होने से सड़क की गिट्टियां छिटककर पास से गुजर रहे टेंपो के कांच में घुस गई है, जिससे कांच चकनाचूर हो गया था। उसकी चपेट में आने से टेंपो सवार हर्ष पांडेय (7) पुत्र दिलीप पांडेय निवासी ग्राम कटसरया, आदेश पांडेय (10) पुत्र दिलीप निवासी ग्राम कटसरया, संपूर्णानंद (12) पुत्र सुधीर मिश्र पटेलनगर, भावेशधर द्विवेदी (6) पुत्र रमेशधर द्विवेदी निवासी बैदौली कला, नितेश गौतम (7) पुत्र जयशंकर बैदौली खुर्द, किशन शर्मा (6) पुत्र कृपाल शर्मा निवासी खरचैला, आदर्श कुमार (5) पुत्र अनिरुद्ध कुमार निवासी पटेलनगर जख्मी हो गए थे। उनके चेहरे व हाथ में गंभीर चोट आई। सभी बच्चे एलकेजी से कक्षा-4 तक के छात्र थे। उन्हें तत्काल बांसी पीएचसी पहुंचाया गया। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।