शोहरतगढ़। स्थानीय ग्रामीण बैंक शाखा में स्टाफ की कमी से खाताधारकों को नकदी जमा और निकासी के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। केवाईसी के साथ पासबुक अपडेट और खाते से संबंधित जानकारी के लिए काफी देर तक बैठना पड़ रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। सीनियर सिटीजन खाताधारकों को भी लंबी लाइन में लगकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी पड़ती है।
नगर पंचायत शोहरतगढ़ स्थित ग्रामीण बैंक में लगभग 31 हजार से अधिक खाताधारक हैं। प्रतिदिन तीन सौ से अधिक खाताधारक बैंक में लेनदेन के लिए आते हैं। इस बैंक में वर्तमान में प्रबंधक, फील्ड अफसर और एक महिला कैशियर सहित दो चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी कार्यरत हैं। खाताधारक सुशीला, चंपा देवी, राजकुमार, इंद्रावती आदि ने कहा कि खाताधारकों की संख्या के सापेक्ष स्टाफ काफी कम हैं, जिससे खाताधारकों को काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। वहीं, कुछ खाताधारकों ने कहा कि केवाईसी, खाता से संबंधित जानकारी और पासबुक पर प्रिंटिंग आदि की जानकारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। नया खाता खुलवाने के लिए स्टाफ की संख्या कम होने के कारण दो से तीन दिन तक दौड़ लगानी पड़ रही है, जिसके बाद उनका खाता खुल पाता है।
शाखा प्रबंधक विमल ने कहा कि स्टाफ कम होने से दिक्कत हो रही है। कोशिश की जा रही है कि खाताधारकों को लेन-देन में कोई परेशानी न हो। कहा कि 10 हजार से कम रुपये निकालने के लिए ग्राहक सेवा केंद्र पर जाना चाहिए, वहां निशुल्क सुविधा दी गई है। बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों के खाताधारक दो से तीन हजार रुपये निकालने के लिए बैंक में लाइन में लग जाते हैं।
इस संबंध में क्षेत्रीय ग्रामीण बैक प्रबंधक आसिफ सिद्दीकी ने कहा कि शोहरतगढ़ में स्टाफ की कमी है। जल्द ही और स्टाफ की तैनाती की जाएगी।