-मेंहदावल के बीएमसीटी मार्ग पर हुआ हादसा, आटा चक्की की मरम्मत के लिए मिस्त्री बुलाने मेंहदावल गए थे शंकर
मेंहदावल। क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग पर बुधवार को सुबह सात बजे एक हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची मेंहदावल पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कौवाठोर निवासी शंकर (60) आटा चक्की की मरम्मत के लिए मिस्त्री बुलाने मेंहदावल गए थे। सुबह करीब सात बजे वह साइकिल से गांव लौट रहे थे। गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव व ट्रेलर कब्जे में ले लिया।
शंकर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि शंकर मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते थे। घर में आटा चक्की खराब हो गई थी, जिसे बनवाने के लिए वह मिस्त्री बुलाने गए थे।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर जल्द रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।