- कई स्थानों पर गिरे पेड़, बिजली के तार व खंभे-पेड़ गिरने से बस्ती हाईवे व नाथनगर-बस्ती मार्ग रहा जाम
- खलीलाबाद समेत ग्रामीण क्षेत्रों के कई इलाकों में बिजली गुल
संतकबीरनगर। जिले में बुधवार शाम करीब चार बजे मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। आंधी व बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। वहीं कुछ स्थानों पर बिजली के तार व पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई। बस्ती हाईवे पर कांटे के पास पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। पुलिसकर्मियों ने क्रेन की मदद से पेड़ को किनारे हटवाकर आवागमन बहाल कराया। खलीलाबाद शहर व ग्रामीण क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली ठप है। बारिश के दौरान ओले भी पड़े।
खलीलाबाद के नेहियां खुर्द गांव में विद्युत पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आंधी के चलते गांव में सड़क के किनारे लगा विद्युत पोल गिरकर टूट गया, वहीं धनघटा रोड पर एक खाली ऑटो पर पेड़ गिरने से वह क्षतिग्रस्त हो गया। महुली संवाद के अनुसार आंधी और बारिश से महुली चौराहे पर पुराना पाकड़ का पेड़ उखड़कर सड़क की ओर गिर गया। पेड़ गिरने से बस्ती-नाथनगर की सड़क जाम हो गई।
इसी दौरान कई जगह बिजली के पोल और ट्रांसफाॅर्मर गिर गए। महुली चौराहे पर बिजली तार पर पेड़ गिरने से पोल टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। सिसवनियां में ट्रांसफाॅर्मर पोल सहित टूटकर गिर गया। कोल्हूगाड़ा गांव में ट्रांसफाॅर्मर पोल गिर गया। जगदीशपुर में मेन सप्लाई गिर गई। बस्ती-नाथनगर सड़क जाम की सूचना पर एसओ महुली दुर्गेश पांडेय ने लोगों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाया। करीब एक घंटे बाद आवागमन बहाल हुआ।
जेई मुखलिसपुर एसपी सिंह ने बताया कि कई गांवों में पोल व ट्रांसफॉर्मर गिर गए हैं, जिससे बिजली की आपूर्ति 24 घंटे बाद ही बहाल होने की उम्मीद है। वहीं महुली के टैक्सी स्टैंड चौराहे पर पेड़ के नीचे एक कार दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार में कोई सवार नहीं था।
-
मेंहदावल में गिरा पेड़
मेंहदावल। नगर पंचायत के बराखाल मोहल्ले में पेड़ गिर गया, जिससे लोग परेशान हो गए। फिलहाल जानमाल का कोई खतरा तो नहीं हुआ। विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। मोहल्ले के विजय यादव अनिल यादव अनिल मौर्य पप्पू मौर्य आदि लोगों ने बताया कि पेड़ गिरने से कोई नुकसान नहीं हुआ।
-
हाईटेंशन तार पर गिरा पेड़, बाधित हुई धर्मसिंहवा क्षेत्र की बिजली
धर्मसिंहवा। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि सिद्धार्थनगर के बनकटा मोड़ पर हाईटेंशन तार पर पेड़ गिर गया। धर्मसिंहवा नगर पंचायत सहित क्षेत्र के लगभग 50 गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। अवर अभियंता शिवाकांत मौर्य ने बताया कि तेज हवा के कारण बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।