- शिवनगर डिड़ई क्षेत्र के दानोकुईंया गांव के पास हुआ हादसा
- घायल का माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
तिलौली। शिवनगर डिड़ई क्षेत्र के दानोकुंइया गांव के पास सोमवार को ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मामा की मौत हो गई। जबकि, भांजा गंभीर रूप घायल हो गया। घायल का माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, मामा की मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बांसी कोतवाली के अशोक नगर निवासी विजय रावत (55) पुत्र रामकुमार सोमवार सुबह अपने भांजे अंकित रावत (22) पुत्र रामतिलक निवासी सोनबरसा थाना सोनहा, जनपद- बस्ती के साथ बाइक से बांसी से सोनबरसा मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे। अभी वह बांसी-बस्ती मार्ग स्थित बेलगड़ा टोल प्लाजा के दक्षिण दानोकुंइया गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक बस्ती की तरफ से आ रहे ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें मामा विजय रावत की मौके पर मौत हो गई। भांजा अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने घायल अंकित को उपचार के लिए एंबुलेंस से सीएचसी मिठवल पहुंचाया। युवक की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की खबर मिलने के बाद से परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में शिवनगर डिड़ई थानाध्यक्ष शशांक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, ट्रेलर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।