शाहपुर चौराहे पर जाम में फंसे लोग। संवाद
भनवापुर। क्षेत्र में रक्षाबंधन पर पुलिस-प्रशासन की लापरवाही के चलते शनिवार को शाहपुर में भीषण जाम की स्थिति बनी रही। इससे आवागमन ठप हो गया। सुबह 10:00 बजे से लगा जाम दिन में दो बजे तक बना रहा। इससे त्योहार मनाने जा रहे हजारों लोगों को कई प्रकार की दिक्कतें उठानी पड़ीं।
यह जाम राप्ती नदी पर बने सेतु में आई दरार के बाद डीएम डॉ.राजा गणपति आर. के निर्देश पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाए जाने के बाद बैरिकेडिंग के कारण लगा था। हालांकि, प्रशासन द्वारा बैरियर तो लगा दिया गया, लेकिन वहां ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए एक भी पुलिसकर्मी नहीं था।
चश्मदीदों के मुताबिक बैरियर पर पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी ने हालात को और भी बदतर बना दिया। जब स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन किया, तब पुलिस चौकी से कांस्टेबल अरुण पांडे और कृष्णा नंदन यादव मौके पर पहुंचे। तब तक स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी कि इन दो पुलिसकर्मियों के लिए जाम संभालना असंभव था।
त्योहार के दिन भाइयों के घर जा रहीं बहनें, बच्चे और बुजुर्ग धूप में घंटों फंसे रहे। बच्चों को विशेष रूप से इस गर्मी व असुविधा से जूझना पड़ा। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन की इस अव्यवस्था पर रोष व्यक्त किया। संवादट